ओमान तट पर भारतीय नाविकों वाले चौथे जहाज पर हमले के दावे फर्जी : विदेश मंत्रालय

1

नई दिल्ली। भारत ने ओमान तट के निकट भारतीय नाविकों वाले चौथे जहाज लियाकी फ्रीडम पर अमरीकी नौसेना के हमले के बारे में सोशल मीडिया पर किये जा रहे दावों को गलत बताते हुए इन्हें बेबुनियाद करार दिया है।

विदेश मंत्रालय ने शनिवार को सोशल मीडिया पर अपने फैक्ट चेक हैंडल से एक पोस्ट में कहा कि भारतीय नाविकों वाले जहाज लियाकी फ्रीडम पर हमले का सोशल मीडिया पर किया जा रहा दावा फर्जी है। विदेश मंत्रालय ने यह भी कहा है कि इस जहाज के मास्टर से बात की गई है और जहाज पर सवार सभी नाविक सुरक्षित हैं।

मंत्रालय ने लोगों से कहा है कि वे सोशल मीडिया पर ऐसे झूठे तथा बेबुनियाद दावों और पोस्ट से सावधान रहें। इससे पहले सोशल मीडिया पर कई पोस्ट में कहा गया कि ओमान के पास भारतीय नाविकों वाले चौथे जहाज लियाकी फ्रीडम पर अमरीकी नौसेना ने हमला किया है और इसमें चार नाविक मारे गए हैं।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले पिछले सप्ताह भारतीय नाविकों वाले तीन जहाजों पर ओमान के निकट हमले हुए हैं और इनमें तीन भारतीय नाविक मारे गए हैं। भारत ने इस पर कड़ा विरोध जताते हुए यहां स्थित अमरीकी दूतावास के प्रभारी राजदूत को बुलाकर कड़ा विरोध जताया है।

इस बीच, विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी शुक्रवार को अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो से बात कर भारतीय नाविकों वाले जहाज पर हमले को लेकर आपत्ति जताई है।

जयशंकर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि अमरीकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से बात हुई। मैंने खाड़ी में अमरीकी नौसेना के हमलों, जिनमें तीन भारतीय नाविक मारे गए थे, पर भारत की कड़ी आपत्ति दोहराई। वाणिज्यिक नौ-परिवहन के खिलाफ़ इस तरह की जानलेवा कार्रवाई उचित नहीं है।