भिवाड़ी में सोशल मीडिया पर लड़की बनकर लूटपाट करने वाले गिरोह का सदस्य अरेस्ट

3

खैरथल तिजारा। राजस्थान में खैरथल तिजारा जिले के भिवाड़ी थाना क्षेत्र में पुलिस ने सोशल मीडिया पर लड़की बनकर युवकों को जाल में फंसाकर अपहरण और लूट की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह के एक और सदस्य को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

पुलिस सूत्रों ने गुुरुवार को बताया कि आरोपी युवक गगन उर्फ गोलू सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बनाकर खुद को लड़की बताता था और युवकों को मिलने के लिए बुलाता था। मिलने के बाद अपने साथियों के साथ मिलकर पीड़ितों का अपहरण करके उनसे मारपीट करके लूटपाट करता था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 22 दिसंबर 2025 को पीड़ित युवक मनीष अपने दोस्त के साथ कार में दिल्ली से अलवर की ओर आ रहा था। इसी दौरान रास्ते में कुछ बदमाशों ने उनकी गाड़ी को रुकवाया और जबरन दोनों को अपनी कार में बैठाकर अपहरण कर लिया। इसके बाद आरोपियों ने दोनों के साथ मारपीट की और उनके एटीएम कार्ड से पैसे निकालकर लूट की वारदात को अंजाम दिया।

मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पहले ही तीन आरोपियों राहुल, अभिषेक उर्फ बंटी और महेंद्र सोनी को गिरफ्तार कर लिया था। अब इस वारदात के मुख्य आरोपी गगन को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।