बाघसूरी। नसीराबाद उपखंड के समीपवर्ती बाघसूरी गांव स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के कक्षा 12वीं के तीनों संकायों व कक्षा 10वीं परीक्षा में उच्च अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों का अभिनंदन किया गया।
बोर्ड परीक्षा प्रभारी भाग्यश्री ने बताया कि शाला प्रधानाचार्य सुभाषचंद्र मीणा व गोरधन लाल गुर्जर के सान्निध्य में मेधावी विद्यार्थियों के तिलक कर तथा माला पहनाकर साफा बांधा गया। गुर्जर ने कहा कि सरकारी स्कूलों में अधिकाधिक दाखिला करवाएं तथा शिक्षा विभाग की योजनाओं का लाभ उठाएं।
इससे पहले नव प्रवेशोत्सव कार्यक्रम को लेकर कस्बे में राजकीय संस्कृत वरिष्ठ उपाध्याय, राजकीय महात्मा गांधी अंग्रेजी विद्यालय व राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय की ओर से सामूहिक रूप से जन जागरूकता रैली निकाली गई।
कार्यक्रम प्रभारी गोपाल सिंह राठौड़ ने बताया कि तीनों सरकारी स्कूलों के स्कूली विद्यार्थियों व स्टाफ ने कस्बे के आखरियां, गांधी चौक, मुख्य बाजार, बालाजी चौक, भाटी-रायका मोहल्ला आदि स्थानों पर रैली निकाल कर ग्रामीणों को सरकारी स्कूलों में अधिकाधिक नव प्रवेश दिलाने, वंचित बच्चों को सरकारी स्कूल से जोड़ने आदि के लिए जागरूक किया गया।
इससे पूर्व पीईईओ सुभाषचंद्र मीणा ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर सुमन, विष्णुदत्त आचार्य, सूर्य प्रकाश टेलर, पुखराज जाट, भाग्यश्री, नरेश कुमार, कार्तिक यादव, कल्पना यादव, सुशीला चौधरी, नीरज शर्मा, कुंभाराम, जयप्रकाश सेन आदि मौजूद रहे।



