रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक नाबालिग के कथित यौन शोषण और उसके नवजात शिशु को बेचने का गंभीर मामला सामने आया है। न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर उसके पिता और बुआ सहित कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में पॉक्सो एक्ट, जेजे एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस से बुधवार को मिली जानकारी के अनुसार 16 साल की पीड़िता ने अपने पिता पर वर्ष 2023 से लगातार करीब तीन साल तक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। शिकायत में पीड़िता ने बताया कि साल 2023 में अमलीडीह क्षेत्र में एक रिश्तेदार के घर उसके पिता ने उसे जबरन शराब पिलाई और मारपीट कर दुष्कर्म किया। आरोप है कि घटना के बारे में किसी को बताने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद भी उसका लगातार शारीरिक शोषण किया जाता रहा, जिससे वह गर्भवती हो गई। गर्भवती होने की जानकारी उसने अपनी बुआ को दी तो बुआ ने पिता का साथ दिया और उसके साथ मारपीट कर जबरन गर्भपात की दवा खिला दी।
पुलिस के मुताबिक गर्भपात के बाद भी पीड़िता का शोषण जारी रहा और साल 2025 में वह दोबारा गर्भवती हो गई। इसके बाद आरोपी पिता उसे डॉक्टर वर्षा मंडल और उसकी परिचित गीता राय के पास लेकर गया। आरोप है कि पीड़िता की वास्तविक उम्र छिपाने के लिए फर्जी आधार कार्ड तैयार कराया गया और दस्तावेज में उसे बालिग दिखाया गया। इतना ही नहीं, उसे शादीशुदा बताकर डंगनिया स्थित वासुदेव अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार अस्पताल में पीड़िता ने एक बेटे को जन्म दिया। प्रसव के बाद आरोपियों पर नवजात शिशु को किसी अन्य व्यक्ति को बेचने का आरोप है। पुलिस इस पूरे घटनाक्रम में शामिल लोगों की भूमिका के साथ ही नवजात से जुड़े तथ्यों की भी पड़ताल कर रही है।
पीड़िता की शिकायत मिलने के बाद न्यू राजेंद्र नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने आरोपी पिता, बुआ और प्रकरण से जुड़े अन्य लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में रोहित राय, साहेब मंडल, योगिता राय उर्फ गीता, बरखा वर्मा उर्फ वर्षा मंडल समेत कुल छह लोग शामिल हैं।
मामले में पुलिस फर्जी दस्तावेज तैयार कराने, पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराने और नवजात शिशु को कथित रूप से बेचने से जुड़े प्रत्येक पहलू की जांच कर रही है।



