भिण्ड। मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के लहार अनुभाग के रौन थाना क्षेत्र में एक नाबालिग स्कूली छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। कक्षा आठवीं में पढ़ने वाली छात्रा के गर्भवती होने की जानकारी मिलने पर परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे और आज केस दर्ज कराया।
जानकारी के अनुसार छात्रा की दोस्ती मोहल्ले में रहने वाली दो सगी बहनों से हो गई थी। दोनों बहनें उसे अक्सर अपने घर बुलाती थीं और इसी दौरान उन्होंने अपने भाई साहिल से उसकी पहचान कराई। परिजनों का आरोप है कि एक दिन दोनों बहनों ने किशोरी को अपने घर बुलाकर कमरे में छोड़ दिया और बाहर चली गईं। इसी दौरान आरोपी साहिल ने उसके साथ जबरन गलत संबंध बनाए और किसी को बताने पर बदनाम करने की धमकी दी।
बताया गया कि इसके बाद आरोपी लगातार नाबालिग को बुलाता रहा और करीब छह महीने तक कई बार उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। इसी दौरान किशोरी गर्भवती हो गई। जब पीड़िता की मां को इसकी जानकारी लगी तो पूछताछ में पूरा मामला सामने आया।
घटना की जानकारी मिलने पर बजरंग दल के कार्यकर्ता भी पीड़िता के समर्थन में थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। फिलहाल रौन थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कि आरोपी फिलहाल फरार है।
मैहर में नाबालिग छात्रा का अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल
मैहर। मध्यप्रदेश के मैहर जिले में बारहवीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा का अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के आरोपी शिवाय सिंह और उसके तीन अन्य साथियों की पुलिस तलाश कर रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार पीड़िता ने 11 मार्च को शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि सोशल मीडिया पर दोस्ती करने के बाद 23 फरवरी को आरोपी शिवाय सिंह ने उसे अमरपाटन के एक होटल में बुलाया।
वहां आरोपी ने नशीला जूस पिलाकर उसका अश्लील वीडियो बना लिया और कई दिनों से उसे ब्लैकमेल कर रहा था। पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।



