अजमेर में 3 साल की बेटी को मां ने झील में फेंक कर मार डाला

अजमेर। राजस्थान में अजमेर के कृष्णगंज थाना क्षेत्र में बुधवार को आर्थिक तंगी और पति से अनबन के चलते एक महिला ने अपनी तीन साल की बेटी को आनासागर झील में फेंक कर मार डाला।

थानाधिकारी अरविंद सिंह चारण ने बताया कि मां अंजली सिंह उर्फ प्रिया को गिरफ्तार कर लिया गया है। अंजली सिंह ने पुलिस को पहले गुमराह करते हुए बताया कि उसकी वर्ष की पुत्री आनासागर झील के किनारे से गायब हो गई है।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए छानबीन की। जब आसपास के तमाम सीसीटीवी फुटेज खंगाल गए तो आरोपी महिला ही बच्ची को आना सागर झील में फेंकते देखी गई। इस पर पुलिस ने अंजली को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरु कर दी। बालिका का शव झील से निकाल लिया गया है। गुरुवार को पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। आरोपी महिला बनारस की रहने वाली है।