करौली। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुवार को करौली जिले में नादोती की उपखण्ड अधिकारी काजल मीना, उनके रीडर दिनेश कुमार सैनी एवं वरिष्ठ सहायक प्रवीण धाकड को एक मामले में 60 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
ब्यूरो के पुलिस महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी चौकी सवाईमाधोपुर को परिवादी ने शिकायत की कि उससे उसकी भूमि की फाईनल डिक्री जारी करने की एवज में एसडीएम काजल मीना अपने रीडर दिनेश सैनी के मार्फत 50 हजार रुपए रिश्वत की मांग कर रही है। परिवादी ने शिकायत में बताया कि पूर्व में एक लाख रुपये रिश्वत की मांग कर 50 हजार
रुपए की रिश्वत लेने पर सहमत हुए।
इस पर गुरुवार को रिश्वत मांग का सत्यापन कराया जाने पर काजल मीना के रीडर द्वारा परिवादी की भूमि की फाईनल डिक्री जारी करने की एवज में 50 रुपए काजल मीना एवं 10 हजार रुपए स्वंय के लिए मांग की गई।
इस मांग के अनुसरण में रिश्वत के 60 हजार रुपए परिवादी से कार्यालय उपखण्ड अधिकारी नादोती में बुलाकर प्राप्त करना एवं यह राशि प्रवीण धाकड को देकर रवाना करना एवं वक्त कार्यवाही आरोपी रीडर दिनेश सैनी रिश्वत राशि एसडीएम काजल मीना के लिए लेना बताने पर जरिये मोबाईल काजल मीना की रीडर दिनेश सैनी से वार्ता करवाई गई तो रिश्वत राशि की सहमती देना एवं रीडर दिनेश सैनी से जरिये मोबाईल प्रवीण धाकड को जरिये मोबाईल सूचित कर रिश्वत राशि सहित कार्यालय में उपस्थित होने की कहने पर प्रवीण धाकड एसडीएम कार्यालय मय बैग के उपस्थित हुआ।
बैग में रिश्वत के 60 हजार रुपए बरामद होना एवं बैग में संदिग्ध चार लाख रुपए बरामद होने पर काजल मीना, दिनेश सैनी को प्रवीण धाकड को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। संदिग्ध राशि के सम्बन्ध में भी पूछताछ जारी है।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव के सुपरविजन एवं महानिरीक्षक एस परिमला के निर्देशन में आरोपियों से पूछताछ तथा कार्यवाही जारी है।



