ग्वालियर में महिला से दुष्कर्म का आरोपी ननदोई अरेस्ट

0

ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले के पिछोर-डबरा थाना क्षेत्र में घर में अकेली महिला से कथित दुष्कर्म और उसके पति से मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने आरोपी ननदोई को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार 28 वर्षीय महिला ने शिकायत दर्ज कराई कि शनिवार रात उसका पति खेत पर सिंचाई के लिए गया हुआ था, जबकि बच्चे और सास घर में सो रहे थे। इसी दौरान उसका ननदोई वीरेन्द्र सिंह घर पहुंचा। आरोप है कि उसने महिला के साथ दुष्कर्म किया।

शिकायत के अनुसार महिला की सास मौके पर पहुंचीं तो आरोपी ने उन्हें धक्का देकर कमरे से बाहर कर दिया। इसके बाद सास ने पड़ोसी के मोबाइल से अपने बेटे को घटना की सूचना दी।

महिला का पति घर पहुंचा तो आरोपी वहां से भागने का प्रयास करने लगा। इस दौरान पति ने उसे पकड़ने की कोशिश की, जिस पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट कर दी, जिससे वह घायल हो गया।

घटना के बाद पीड़िता ने परिवार के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दुष्कर्म और मारपीट सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।