नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली आबकारी नीति मामले में बरी होने के बाद इसे सत्य की जीत करार देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने मिलकर आजाद भारत का सबसे बड़ा राजनीतिक षड्यंत्र रचा।
केजरीवाल अदालत से बरी होने के बाद पत्रकारों से बातचीत में बेहद भावुक हो गए। उनकी आंखों से आंसू गिरने लगे और उनकी जबान लड़खड़ा गई। कुछ सेकंड की चुप्पी के बाद उन्होंने कहा कि केजरीवाल भ्रष्ट नहीं है। मैंने अपने जीवन में केवल ईमानदारी कमाई है। यह पूरा केस फर्जी था। आखिर में अधर्म व अन्याय हारता है और सच ही जीतता है। सत्यमेव जयते।
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ सालों से भाजपा जिस तरह से बार-बार शराब घोटाला-शराब घोटाला का आरोप लगा रही थी, शुक्रवार को कोर्ट ने वे सारे आरोप खारिज कर दिए और जितने भी आरोपी थे, सबको बरी कर दिया। उन्होंने कहा कि हम हमेशा कहते थे कि सत्य की जीत होती है। हमें भारतीय न्याय प्रणाली पर भरोसा है। मैं जज साहब का बहुत-बहुत शुक्रिया अदा करता हूं, जिन्होंने हमारे साथ न्याय किया। सत्य की जीत हुई। मैं हमेशा कहता था कि भगवान हमारे साथ हैं।
केजरीवाल ने कहा कि मोदी और शाह ने मिलकर आजाद भारत का सबसे बड़ा राजनीतिक षड्यंत्र रचा। आम आदमी पार्टी को खत्म करने के लिए पार्टी के सबसे बड़े पांच नेताओं को जेल में डाल दिया गया। यहां तक कि जो आज तक भारत के इतिहास में कभी नहीं हुआ, सिटिंग मुख्यमंत्री को उनके घर से घसीट कर जेल में डाला गया और छह महीने तक जेल में रखा गया। पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को लगभग दो साल तक जेल में रखा गया। पूरा का पूरा फर्जी केस था।
उन्होंने कहा कि हमारे ऊपर कीचड़ फेंका गया। 24 घंटे टीवी चैनलों के ऊपर डिबेट चलते थे। खबरें दिखाई जाती थीं कि केजरीवाल भ्रष्ट है, केजरीवाल भ्रष्ट है। लेकिन केजरीवाल भ्रष्ट नहीं है। मैंने अपनी जिंदगी में केवल ईमानदारी कमाई है। इन्होंने झूठा केस लगाया और आज यह साबित हो गया। कोर्ट ने कहा है कि केजरीवाल कट्टर ईमानदार है। मनीष सिसोदिया कट्टर ईमानदार है। आम आदमी पार्टी कट्टर ईमानदार है।
उन्होंने प्रधानमंत्री से कहा कि सत्ता के लिए देश के साथ इस तरह से खिलवाड़ मत कीजिए। इस तरह से संविधान के साथ खिलवाड़ मत कीजिए। प्रधानमंत्री को सत्ता चाहिए, तो अच्छे काम कीजिए। आज देश के सामने इतनी बड़ी-बड़ी समस्याएं हैं। महंगाई है, बेरोजगारी है, पूरे देश में सड़कें टूटी पड़ी हैं, चारों तरफ प्रदूषण ही प्रदूषण हो रहा है। चारों तरफ देश में इतनी समस्याएं हैं, उन समस्याओं का समाधान करके सत्ता में आइए।
केजरीवाल ने प्रधानमंत्री से पूछा कि केजरीवाल पर, आम आदमी पार्टी पर झूठे केस क्यों करते हैं? अच्छा काम करके सत्ता में आइए। इस तरह के झूठे केस करना और 24 घंटे विरोधियों और विपक्षियों के खिलाफ ऊटपटांग के केस करना, उनको जेल में डालना, यह एक प्रधानमंत्री को शोभा नहीं देता। इससे देश आगे नहीं बढ़ेगा। देश आगे तब बढ़ेगा, जब जनता की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री और आप पंजाब के प्रभारी मनीष सिसोदिया ने राउस एवेन्यू कोर्ट के फैसले पर खुशी व्यक्त करते हुए एक्स पर कहा कि सत्यमेव जयते। आज एक बार फिर बाबा साहब अंबेडकर की दूरदर्शी सोच और उनके बनाए संविधान पर फ़ख़्र महसूस हो रहा है। मोदी जी की पूरी पार्टी और सारी एजेंसियों की हमें बेईमान साबित करने की तमाम कोशिशों के बावजूद आज साबित हो गया कि अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया कट्टर ईमानदार है।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने एक्स पर कहा कि सच की हमेशा जीत होती है। आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को दिल्ली की अदालत द्वारा शराब घोटाले मामले में बरी कर दिया गया है। अदालत के इस फैसले ने सच्चाई को सबके सामने ला दिया है। समय के साथ बाकी सभी मामलों की सच्चाई भी सामने आ जाएगी। इंकलाब ज़िंदाबाद।
केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने एक्स पर कहा कि कोई व्यक्ति कितना भी शक्तिशाली क्यों न हो जाए, वह दैवीय न्याय से ऊपर नहीं है और सत्य की हमेशा जीत होती है। वहीं, मनीष सिसोदिया ने कहा कि उन्हें डॉ. बीआर अंबेडकर की परिकल्पना में बने संविधान पर गर्व है और बार-बार उन्हें बेईमान साबित करने की कोशिशों के बावजूद अदालत के फैसले ने उनके रुख को सही ठहराया है।
आप से राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भी अदालत के आदेश का स्वागत करते हुए कहा कि इससे पार्टी और उसके नेताओं को बदनाम करने की बड़ी साजिश उजागर हुई है। उन्होंने एक्स पर अपने बयान में केंद्र की सत्ताधारी व्यवस्था पर जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया और माफी की मांग की।
इस बीच, केजरीवाल के वकील अधिवक्ता विवेक जैन ने कहा कि अदालत ने केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा पेश किए गए सभी साक्ष्यों की सावधानीपूर्वक जांच की और पाया कि कोई भी आरोप आरोप तय करने के लिए आवश्यक कानूनी मानकों पर खरा नहीं उतरता। उनके अनुसार, अदालत ने कहा कि रिकॉर्ड पर ऐसा कोई ठोस साक्ष्य नहीं है जो आरोपों की पुष्टि करता हो और यह भी नोट किया कि आबकारी नीति स्थापित संस्थागत प्रक्रियाओं के तहत तैयार की गई थी।
आप के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि भाजपा सरकार के पास सब कुछ है, इतने राज्यों में सरकार है, मगर इनको छोटी सी दिल्ली की सरकार से भी परेशानी थी। इनको किसी भी काम करने वाली सरकार से दिक्कत है, क्योंकि ख़ुद काम नहीं करना। इनकी सीबीआई, एसीबी, पुलिस किसी भी झूठी शिकायत पर केस दर्ज कर लेती है। जांच में कुछ मिलता नहीं है मगर ईडी एक और मुकदमा दर्ज कर देती है। फिर ईडी कई सालों तक जांच करती रहती है। शिकायतकर्ता, पुलिस, एसीबी, सीबीआई, ईडी, मीडिया सब तो इनके है। ये आरोपियों को जेल में डाल देते हैं और मुकदमा वर्षों तक शुरू नहीं करते। जो लोग जेल के नाम से डर जाते हैं उनको भाजपा में शामिल कर लेते हैं। विपक्षी पार्टी को तोड़ लेते हैं। बस यही खेल है, मीडिया का बड़ा हिस्सा इस खेल में शामिल है। झूठे मुकदमों में ईमानदार लोगों को दिन रात बदनाम किया जाता है।
दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की नेता आतिशी ने कहा कि सत्यमेव जयते! चाहे कितने भी झूठे आरोप लगाये, चाहे कितना अत्याचार किया, लेकिन आख़िरकर सच की जीत हुई। आज पूरे देश के सामने है – भाजपा का षड्यंत्र और अरविंद केजरीवाल की कट्टर ईमानदारी।
आप नेता गोपाल राय ने कहा कि आज न्यायालय ने अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया समेत तमाम आप नेताओं को फर्जी शराब घोटाले में निर्दोष करार दे दिया है। इस फैसले ने मुहर लगा दी है कि हमारे नेताओं को फंसाने की कोशिशें भाजपा की सिर्फ एक गंदी राजनीति थीं। कट्टर ईमानदारी का यह कारवां अब और भी मजबूती से आगे बढ़ेगा। उल्लेखनीय है कि कथित शराब घोटाला मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू अदालत ने पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल और पूर्व उपमुख्यमंत्री सिसोदिया समेत अन्य 23 आरोपियों को आज बरी कर दिया है।



