Home Delhi एलजी ने बदला ऊर्जा सचिव तो बिफरे अरविंद केजरीवाल

एलजी ने बदला ऊर्जा सचिव तो बिफरे अरविंद केजरीवाल

0
एलजी ने बदला ऊर्जा सचिव तो बिफरे अरविंद केजरीवाल

नई दिल्ली। दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग ने ऊर्जा सचिव सुकेश जैन को हटाकर उनकी जगह वर्षा जोशी को नियुक्त किया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि एलजी ने यह काम अनिल अंबानी के दबाव में किया।

उपराज्यपाल ने शनिवार दोपहर दिल्ली सरकार द्वारा नियुक्त ऊर्जा सचिव सुकेश जैन को पद से हटाकर उनकी जगह 1995 बैच की अधिकारी वर्षा जोशी को नया ऊर्जा सचिव नियुक्त किया। शाम होते-होते मुख्यमंत्री केजरीवाल ने इसे मुद्दा बना दिया। उनका आरोप है कि यह सब अनिल अंबानी के दबाव में हुआ।

इसके साथ ही अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अंबानी डीईआरसी के चेयरमैंन कृष्ण सैनी को हटाने के लिए दबाव बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमने कृष्ण सैनी को डीईआरसी का चेयरमैन बनाया था वे 8 महीने रहे। इस दौरान सैनी ने ऐसे आर्डर पास किए जिससे बिजली कंपनियों को तकलीफ हुई।

उन्होंने बिजली कटौती के बदले जुर्माने का प्रस्ताव पास किया। इसलिए अनिल अंबानी दबाव डालकर कोशिश कर रहे हैं कि कृष्ण सैनी को हटाया जाए। एलजी साहब ने इसलिए नियुक्ति को अवैध बताया कि उनसे परमिशन नहीं ली।

उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट के आदेश से कृष्ण सैनी को नियुक्त किया गया, उपराज्यपाल को सूचना भी दी गई। तब उन्होंने फाइल नहीं मंगवाई। अब 8 महीने बाद उपराज्यपाल की नींद खुली है।

केजरीवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा अंबानी के दबाव में डीईआरसी के चेयरमैन पद पर उनके आदमी को बैठाना चाहती है। हमने दो साल में बिजली के दाम नहीं बढ़ने दिए। यह भाजपा की साज़िश है कि दिल्ली में बिजली के दाम बढे। हम पूछना चाहते हैं कि एलजी ने आखिर किसके दबाव में ऐसा किया।

केजरीवाल ने छठ पूजा की तैयारियों पर कहा कि छठ पूजा को लेकर दिल्ली सरकार ने बढ़िया इंतजाम किए हैं। इस साल 300 घाटों को तैयार किया गया है। अगले साल तक सभी घाटों को पक्का करने का आदेश जारी किया गया है। इसके अलावा प्रदूषण पर कहा कि दिल्ली में गैस चैम्बर जैसे हालात हो गए हैं।

प्रदूषण के दिल्ली के अपने जो भी कारण हों, लेकिन सबसे बड़ा कारण पड़ोसी राज्यों में फसल जलाना है। पंजाब, हरियाणा में भी धुआं ही धुआं है। किसानों को कुछ विकल्प देना होगा। इसमें केंद्र सरकार की मदद की जरूरत है। हमने केंद्रीय पर्यावरण मंत्री से बात की है। हम उनसे मिलकर चर्चा करेंगे की कैसे पडोसी राज्यों के हालात को भी नियंत्रित किया जाए।