Home Breaking समूचा उत्तर भारत ठंड की चपेट में, पहाड़ों पर हुई बर्फबारी

समूचा उत्तर भारत ठंड की चपेट में, पहाड़ों पर हुई बर्फबारी

0
समूचा उत्तर भारत ठंड की चपेट में, पहाड़ों पर हुई बर्फबारी
cool weather in north India, snowfall in hills
cool weather in north India, snowfall in hills

नई दिल्ली। जम्मूकश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी के बाद समूचा उत्तर भारत ठंड से ठिठुर रहा है। बर्फबारी का असर दिल्ली और एनसीआर में भी पड़ा है। दिल्ली के नरेला में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री रिकार्ड हुआ।

दिल्ली में रविवार सुबह की शुरुआत सुहाने मौसम से हुई लेकिन दोपहर होते होते मौसम ने करवट ली और चौतरफा धुंध और कोहरा घिर गया। पहाड़ों पर हुई बर्फबारी और तेज हवाओं ने ठिठुरन भरी सर्दी का अहसास दिलाया।

मौसम के इस बदलाव के बाद भी छुट्टी और अवकाश का दिन होने के कारण लोग बड़ी संख्या में घरों से बाहर निकले, चर्च, मॉल और मल्टीप्लेक्स में बड़ी संख्या में भीड़ देखी गई। लेकिन एक साथ बड़ी संख्या में घरों से निकले लोगों को दिल्ली की यातायात व्यवस्था ने रोने पर मजबूर कर दिया।

मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान और मध्य प्रदेश में अत्यधिक घना कोहरा रहा। जबकि असम, मेघालय, झारखंड, बिहार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पंजाब में कुछ स्थानों में मध्यम कोहरा छाया रहा।

प्रसिद्ध पर्यटन स्थल शिमला में रविवार को मौसम की पहली बर्फबारी हुई। पूरे हिमाचल प्रदेश के निचले पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश होने से तापमान कई डिग्री नीचे चला गया। होटल व्यवसायियों में बर्फबारी को लेकर खुशी है। इससे उन्हें आने वाले दिनों में बड़ी संख्या में पर्यटकों के आने की उम्मीद है।

शिमला के निकट हनीमून मनाने वाले पर्यटक स्थल जैसे कुफरी, फागू और नारकंडा में भी हल्की बर्फबारी हुई। इससे पहाड़ी पर्यटक स्थल की खूबसूरती बढ़ गई। जम्मू के डोडा में भी बर्फबारी हुई है। कश्मीर में ठंड से थोड़ी राहत कश्मीर घाटी में तीखी ठंड से कुछ राहत मिली है। न्यूनतम पारा ऊपर चढ़ा है।

श्रीनगर में यह माइनस 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। जबकि शनिवार रात यह माइनस 4.4 डिग्री सेल्सियस था। चारधाम में भी बर्फबारी रविवार को उत्तराखंड के चारधाम के साथ ही गढ़वाल और कुमाऊं मंडल की अनेक चोटियों ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली। विभिन्न स्थानों पर कहीं हल्की तो कहीं ठीक-ठाक फुहारें पड़ीं।

चारधाम बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री के साथ ही हेमकुंड साहिब, औली, धनोल्टी समेत अन्य स्थानों पर कहीं जोरदार तो कहीं हल्की बर्फबारी हुई। वहीं चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में रविवार को बारिश हुई। दोनों राज्यों में न्यूनतम तापमान कई डिग्री बढ़कर सामान्य से ऊपर रहा।

पंजाब के सरहिंद में 15 मिलीमीटर, आनंदपुर साहिब में चार मिलीमीटर, होशियारपुर में पांच मिलीमीटर और हरियाणा के अम्बाला में 0.6 मिलीमीटर, पंचकुला में सात मिलीमीटर बारिश हुई।

https://www.sabguru.com/white-christmas-himachal-pradesh-shimla-experiences-seasons-first-snowfall/