कल से दाखिल होंगे नामांकन, दो दिन कोई नामांकन जमा नहीं करवा सकेगा

58
सिरोही जिले की छह नगर पालिका के चुनावों के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 27 से।

सबगुरु न्यूज-सिरोही।राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा प्रदेश में नगरीय निकायों के आम चुनाव-2026 का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। प्रदेश के 309 नगरीय निकायों, जिनमें 10 नगर निगम, 47 नगर परिषद एवं 252 नगरपालिकाएं शामिल हैं, में चुनाव दो चरणों में कराए जाएंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी रोहिताश्व सिंह तोमर ने बताया कि सदस्य पदों के लिए लोक सूचना 27 अगस्त 2026 को जारी की जाएगी। नामांकन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 1 सितंबर 2026 को होगी। अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 3 सितंबर 2026 निर्धारित है तथा इस दिन अपराह्न 3 बजे तक अभ्यर्थिता वापस ली जा सकेगी। चुनाव चिन्हों का आवंटन 4 सितंबर 2026 को किया जाएगा। तोमर ने बताया कि रक्षाबंधन और रविवार के अवकाश के दिन नामांकन पत्र प्रस्तुत नहीं किए जायेंगे। उसके अलावा निर्धारित दिनों में प्रातः 10.30 से दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्र नगरीय निकाय के संबंधित रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय में प्रस्तुत किए जायेंगे।

गौरतलब है कि सदस्य पदों के लिए मतदान दो चरणों में होगा। प्रथम चरण का मतदान 9 सितंबर 2026 तथा द्वितीय चरण का मतदान 11 सितंबर 2026 को होगा। मतदान का समय प्रातः 7 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा। दोनों चरणों में हुए मतदान की मतगणना 14 सितंबर 2026 को की जाएगी।

निर्धारित कार्यक्रमानुसार जिले में शिवगंज,आबूरोड और मंडार नगरीय निकाय के चुनाव पहले चरण में 9 सितंबर को तथा सिरोही,पिंडवाड़ा और माउंट आबू के चुनाव 11 सितंबर को संपन्न होंगे।