जैसलमेर को मिली सबसे कम उम्र की जिला प्रमुख, 21 साल की संतोष कुमारी निर्विरोध निर्वाचित

0

जैसलमेर। राजस्थान के पंचायतीराज चुनाव-2026 में जैसलमेर जिले से एक युवा जनप्रतिनिधि ने सबका ध्यान खींचा है। महज 21 साल 36 दिन की उम्र में कांग्रेस की संतोष कुमारी जिला परिषद की जिला प्रमुख निर्विरोध निर्वाचित हुई हैं। उन्हें राजस्थान की सबसे कम उम्र की जिला प्रमुख बताया जा रहा है। ग्रामीण राजनीति में इतनी कम उम्र में जिले की शीर्ष पंचायतीराज संस्था का नेतृत्व मिलने को महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।

बुधवार को जिला प्रमुख पद के चुनाव में संतोष कुमारी के सामने किसी अन्य प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया। इसके चलते उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। जिला परिषद में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिलने के कारण पार्टी की स्थिति पहले से मजबूत थी।

वार्ड 21 से जीतीं, भाजपा प्रत्याशी को 6,137 वोटों से हराया

संतोष कुमारी ने जिला परिषद के वार्ड संख्या 21 से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था। सदस्य पद के चुनाव में उन्होंने भाजपा की प्रत्याशी लक्ष्मी को 6,137 मतों के बड़े अंतर से पराजित किया। इसके बाद पार्टी ने उन्हें जिला प्रमुख पद का उम्मीदवार बनाया।

जैसलमेर जिला परिषद की कुल 21 सीटों में से कांग्रेस ने 20 पर जीत हासिल की, जबकि भाजपा को केवल एक सीट मिली। भाजपा की ओर से वार्ड संख्या 10 से करुणा कंवर निर्वाचित हुई थीं।

अनुसूचित जनजाति समुदाय से आती हैं संतोष

संतोष कुमारी अनुसूचित जनजाति समुदाय से संबंध रखती हैं और पोकरण विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाके से आती हैं। उनकी उम्र 21 वर्ष 36 दिन बताई गई है। उन्होंने 12वीं तक शिक्षा प्राप्त की है और वे अविवाहित हैं। उनके पिता चौथाराम भील ग्राम विकास अधिकारी हैं, जबकि माता गृहिणी हैं।

खास बात यह है कि कांग्रेस ने जिला परिषद सदस्य के चुनाव में सामान्य सीट से अनुसूचित जनजाति वर्ग की महिला प्रत्याशी को मौका दिया और संतोष कुमारी ने जीत हासिल कर जिला परिषद में जगह बनाई।

महिला शिक्षा और आत्मनिर्भरता पर रहेगा जोर

निर्विरोध निर्वाचन के बाद संतोष कुमारी ने जैसलमेर की जनता और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जिले के विकास के लिए सभी निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर काम करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने महिलाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष ध्यान देने की बात भी कही।

संतोष कुमारी के निर्वाचन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटकर और आतिशबाजी कर खुशी जाहिर की। सीमावर्ती जिले जैसलमेर की जिला परिषद की कमान अब एक युवा महिला जनप्रतिनिधि के हाथों में होगी। ऐसे में ग्रामीण विकास, महिला शिक्षा और स्थानीय जरूरतों को लेकर उनके कामकाज पर जिले की निगाहें रहेंगी।

यह भी पढें

जैसलमेर को मिली सबसे कम उम्र की जिला प्रमुख, 21 साल की संतोष कुमारी निर्विरोध निर्वाचित
अजमेर में भाजपा की पूजा भंसाली जिला प्रमुख निर्वाचित, कांग्रेस की दशरथ कंवर को 10 मतों से हराया
उदयपुर में भाजपा के हिम्मत सिंह झाला बने जिला प्रमुख, कांग्रेस के लाल सिंह झाला को 7 वोटों से हराया
हनुमानगढ़ में कांग्रेस की रेणु जांगू बनीं जिला प्रमुख, भाजपा प्रत्याशी को 23 मतों से हराया
खैरथल-तिजारा जिला परिषद में भाजपा का कब्जा, इन्द्रजीत यादव दो मतों से बने जिला प्रमुख
भीलवाड़ा में कांग्रेस के कैलाश चंद्र मीणा जिला प्रमुख निर्वाचित, भाजपा के सुखलाल गुर्जर को 17 मतों से हराया
22 वोटो के साथ कांग्रेस के गुमान सिंह देवड़ा बने सिरोही के नए जिला प्रमुख
चित्तौड़गढ़ में कांग्रेस की रतनी जाट जिला प्रमुख निर्वाचित, दो दशक बाद जिला परिषद में पार्टी की वापसी
अलवर में कांग्रेस की अनीता मीणा जिला प्रमुख निर्वाचित, भाजपा को बड़ा झटका