जयपुर के परीक्षा केंद्र पर बिजली गुल होने से प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए एनटीए आयोजित करेगा फिर से परीक्षा

2

जयपुर/नई दिल्ली। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने शनिवार को देश भर में आयोजित ऑल इंडिया आयुष पोस्ट ग्रेजुएट प्रवेश परीक्षा (एआईएपीजीईटी 2026) के दौरान जयपुर के एक केंद्र पर बिजली गुल होने के कारण प्रभावित हुए अभ्यर्थियों के लिए पुनः परीक्षा आयोजित करने की घोषणा की है।

जयपुर स्थित श्री सत्य साईं पीजी कॉलेज केंद्र पर परीक्षा दे रहे 192 में से 49 अभ्यर्थी हालांकि परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसी मेसर्स एजुक्विटी करियर टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड की लापरवाही और बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण अपनी परीक्षा पूरी नहीं कर सके।

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने इस असुविधा पर खेद व्यक्त करते हुए प्रभावित अभ्यर्थियों की पुनः परीक्षा कराने का निर्णय लिया है। यह पुनः परीक्षा एक सितंबर को सुबह 10 बजे राजस्थान कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग फॉर विमेन जयपुर में आयोजित की जाएगी। प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए संशोधित प्रवेश पत्र जल्द ही जारी किए जायेंगे, जिनमें परीक्षा से जुड़ी विस्तृत जानकारी उपलब्ध होगी।

एनटीए ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की पूछताछ या जानकारी के लिए अभ्यर्थी हेल्पलाइन नंबर 011-40759000 / 011-69227700 पर संपर्क कर सकते हैं या ई-मेल आईडी एआईएपीजीईटी एट एनटीए डॉट एसी डॉट इन पर लिख सकते हैं।

एनटीए की जारी सार्वजनिक सूचना के अनुसार, 22 अगस्त को आयोजित एआईएपीजीईटी परीक्षा की प्रथम पाली के लिए कुल 36,979 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। देश भर के 200 केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में 35,837 अभ्यर्थी शामिल हुए जिनमें से 35,788 अभ्यर्थियों की परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हुई।