अजमेर। बॉलीवुड अभिनेता रितेश देशमुख शुक्रवार सुबह पत्नी एवं अभिनेत्री जेनेलिया देशमुख और बेटे के साथ अजमेर पहुंचे और सूफी संत ख्वाजा मोईनुद्दीन हसन चिश्ती की दरगाह में जियारत की। देशमुख परिवार ने ख्वाजा साहब की मजार पर मखमली चादर और अकीदत के फूल पेश कर अमन-चैन, खुशहाली और परिवार की सलामती के लिए दुआ मांगी।
रितेश देशमुख और उनका परिवार पुलिस सुरक्षा के बीच दरगाह पहुंचा। परिवार के निजाम गेट पर पहुंचते ही वहां मौजूद लोगों और प्रशंसकों को अभिनेता के आने की जानकारी मिली। कुछ देर बाद प्रशंसकों में अपने पसंदीदा सितारों की एक झलक पाने और उनके साथ तस्वीर लेने को लेकर उत्साह नजर आया।
खादिम ने कराई जियारत, भेंट किया तबर्रुक
दरगाह के खादिम सैयद मोहम्मद जव्वाद चिश्ती ने देशमुख परिवार को जियारत कराई। परिवार की ओर से मजार पर चादर और फूल पेश किए गए। इस दौरान रितेश और जेनेलिया ने अपनी पारिवारिक खुशहाली के साथ आगामी फिल्मों और प्रोजेक्ट्स की सफलता के लिए भी दुआ मांगी। जियारत के बाद खादिम की ओर से उन्हें तबर्रुक भेंट किया गया।
मीडिया से नहीं की बातचीत
दरगाह में जियारत के दौरान रितेश देशमुख और जेनेलिया ने मीडिया से बातचीत नहीं की। जियारत पूरी करने के बाद दोनों निजाम गेट की सीढ़ियों पर पहुंचे और वहां जमा प्रशंसकों की ओर हाथ हिलाकर उनका अभिवादन किया। इसके बाद पुलिस सुरक्षा के बीच परिवार दरगाह परिसर से रवाना हो गया।
रितेश देशमुख और जेनेलिया की अजमेर यात्रा के दौरान दरगाह परिसर में प्रशंसकों के बीच खासा उत्साह देखने को मिला। बॉलीवुड से जुड़े कलाकारों के अजमेर शरीफ पहुंचने का सिलसिला पहले भी देखने को मिलता रहा है और देशमुख परिवार की इस यात्रा ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
फिल्मों को लेकर भी चर्चा में हैं रितेश
रितेश देशमुख इन दिनों अपने आगामी फिल्मी प्रोजेक्ट्स को लेकर भी चर्चा में हैं। हाल ही में उनके तेलुगू फिल्म इंडस्ट्री में प्रवेश की खबर सामने आई है। वह राम पोथिनेनी की फिल्म ‘RAPO23’ का हिस्सा हैं, जिसकी शूटिंग हैदराबाद में चल रही है।



