अलवर के थानागाजी में स्कूल प्रिंसिपल का आपत्तिजनक वीडियो वायरल

8

अलवर। राजस्थान में अलवर जिले के थानागाजी क्षेत्र में एक राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रिंसिपल का आपत्तिजनक वीडियो सामने आने के बाद शनिवार को शिक्षा विभाग और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया।

वायरल वीडियो में प्रिंसिपल 9वीं से 12वीं कक्षा की छात्राओं के साथ बांध के पानी में नहाते और अठखेलियां करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों में भी भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करके जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 15 अगस्त को स्कूल में स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित होने के बाद छात्र-छात्राओं को जंगल के रास्ते करीब दो किलोमीटर दूर स्थित भड़ाज बांध की ओर ले जाया गया। बताया जा रहा है कि इस दौरान करीब 25 बड़ी बालिकाएं भी समूह में शामिल थी। ग्रामीणों का आरोप है कि बच्चों को तैराकी सिखाने और भ्रमण के नाम पर बांध पर ले जाया गया, जहां उन्हें पानी में उतारा गया।

ग्रामीणों ने कहा कि सबसे गंभीर सवाल यह है कि बच्चों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। आरोप है कि बच्चों को बिना लाइफ जैकेट पानी में उतारा गया, जबकि कई बच्चों को तैरना तक नहीं आता था।

वायरल वीडियो सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया। वीडियो में प्रिंसिपल छात्राओं के साथ पानी में नजर आ रहे हैं। इसी को लेकर ग्रामीणों ने स्कूल प्रशासन की भूमिका पर सवाल खड़े किए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बांध का क्षेत्र पहले भी हादसों के कारण संवेदनशील रहा है। बांध की पाल करीब छह फुट चौड़ी बताई जा रही है और यहां पूर्व में भी डूबने की घटनाएं भी हो चुकी हैं।

ग्रामीणों और प्रशासन के अनुसार पिछले करीब चार वर्ष से यहां लोगों के जाने पर पाबंदी है। इसके बावजूद स्कूली बच्चों को इस स्थान पर ले जाने को लेकर जिम्मेदारी तय करने की मांग उठ रही है।

वीडियो वायरल होने के बाद ग्रामीण बड़ी संख्या में स्कूल पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली और प्रिंसिपल के बयान दर्ज किये। थानाधिकारी राजकुमार मीणा ने बताया कि अब तक किसी छात्र, छात्रा या अभिभावक की ओर से लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। हालांकि वायरल वीडियो को आधार बनाकर मामले की जांच की जा रही है।

पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बच्चों को बांध पर किस अनुमति और किस उद्देश्य से ले जाया गया था और सुरक्षा के क्या इंतजाम किये गये थे।
इस बीच शिक्षा विभाग ने भी मामले को गंभीरता से लिया है। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी शकुंतला यादव ने बताया कि बालिकाओं, प्रिंसिपल और अभिभावकों से जानकारी ली गई है। अब विभाग का दल पूरे मामले की जांच करेगा।