ओडिशा : सुंदरगढ़ में ट्रक-बस टक्कर में 7 की मौत, 20 से ज़्यादा घायल

भुवनेश्वर। ओडिशा के सुंदरगढ़ ज़िले में गुरुवार को एक ट्रक और एक निजी यात्री बस के बीच टक्कर हो जाने से सात लोगों की मौत हो गई और 20 से ज़्यादा घायल हो गए।

पुलिस ने बताया कि 12 लोग गंभीर रुप से जख्मी हुए हैं। मृतकों में बस कंडक्टर के अलावा चार महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। जिले के कोइड़ा थाने के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 520 पर हुए इस हादसे में मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।

पश्चिमी रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक बृजेश रे ने बताया कि दुर्घटना सुबह करीब 11 बजे तब हुई जब बस राउरकेला से कोइड़ा जा रही थी। श्री रे ने बताया कि गंभीर रूप से घायल लोगों को राउरकेला के आईजीएच अस्पताल ले जाया गया है। बचाव अभियान और यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से चलाने के लिए इलाके में पुलिस तैनात कर दी गई है।