महिला तीर्थ के बहाने, भाजपा के कोर वोटबैंक पर निशाने!

सिरोही से भाजपा के दावेदारी करने वाले दलपत पुरोहित के साथ तीर्थ यात्रा पर गए सिरोही के लोग।

सबगुरु न्यूज-सिरोही। ड्राइवर का बेटा। सिरोही के ऑटो रिक्शा पर ऐसे पोस्टर दिख रहे हैं।  भाजपा के दावेदार और कभी संयम लोढ़ा के करीबी रहे मंडवारिया सरपंच दलपत पुरोहित का नाम इस उपमा से छोटा लगाया गया है। ऐसे जानबूझकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तर्ज पर किया गया लगता है।

लेकिन, यहां चर्चा करेंगे तीर्थ यात्रा की। जिसने भाजपा में हडक़म्प मचा दिया था। इससे भाजपा के अन्य दावेदारों में भी हलचल पैदा कर दी थी। लेकिन, इस यात्रा के पूर्ण होने से लौटने के बाद दो सवाल अब भी हैं जो कौंध रहे हैं। एक ये कि क्या सिरोही विधानसभा में सिर्फ महिलाएं ही धर्मभीरू और धार्मिक हैं, पुरुष नहीं और प्रयास वोटों के लिए है तो पुरोहित को पुरुषों के वोटों की दरकार नहीं है। दूसरा इन महिलाओं को जिन क्षेत्रों से लिया गया है उन क्षेत्रों को वोट पैटर्न।
-इन इलाको की महिलाएं
इस तीर्थ यात्रा में करीब 14 बसों में सिरोही विधानसभा के लोग गए थे। सिरोही जिला मुख्यालय से इस यात्रा में भाटकड़ा, नयावास, घांचीवाड़ा, कुम्हारवाड़ा क्षेत्र की महिलाएं शामिल थीं। ग्रामीण क्षेत्रों में पोसालिया, पालड़ी एम, कैलाश नगर और जावाल के आसपास के क्षेत्रों की महिलाएं शामिल थीं। ये सारे के सारे क्षेत्र भाजपा के गढ़ माने जाते हैं। यहां की महिलाएं हिन्दुत्व के नाम पर भाजपा पर न्योछावर हैं।
ऐसे में भाजपा का दावेदार होने के नाते उनकी सेवा करने के बाद भी पार्टी के द्वारा दलपत पुरोहित को टिकिट नहीं देने की सूरत में महिलाओं को सॉफ्ट कॉर्नर दलपत पुरोहित के साथ रहेगा। ये पैटर्न पूरी तरह से सिरोही विधायक संयम लोढ़ा के राजकीय महाविद्यालय के विद्यार्थियों को हवाई जहाज से यात्रा करवाने के पैटर्न से मिलता जुलता है।
– निर्दलीय खड़े हो गए तो?
भाजपा द्वारा यदि दलपत पुरोहित को टिकिट नहीं दिया जाता है तो ऐसी सूरत में अंदरखाने चर्चा ये है कि पुरोहित निर्दलीय भी खड़े हो सकते हैं। यदि ऐसा हुआ तो आने वाले चुनावों में यही महिलाएं जो तीर्थयात्रा में गई हैं उनका झुकाव धार्मिक यात्रा के करवाने के कारण दलपत पुरोहित की तरफ रहने से इनकार नहीं किया जा सकता।
यही नहीं महिलाओं के झुकाव के कारण अन्य महिलाओं को भी प्रभावित करने की संभावनाएं हैं। जिन लोगों को इन क्षेत्रों में बसों को प्रभारी बना गया था उनका जुड़ाव भी भाजपा से रहा है। हाल में भाजपा जिला कार्यालय के उद्घाटन के दौरान  कथित रूप से सिरोही विधानसभा में भाजपा के दूसरे दावेदार के करीबी माने जाने वाले जिला महांमत्री के द्वारा जिन लोगों को आमंत्रण नहीं देने का आरोप लगा है।
-इन स्थानों पर की यात्रा
दलपत पुरोहित के द्वारा सिरोही विधानसभा की महिलाओं की तीर्थयात्रा सिरोही लौट आई है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी के द्वारा इस यात्रा के लिए वर्चुअल शुभाकामनाएं भी दी गई। ये यात्रा द्वारिका, भेट द्वारिका, सोमनाथ, नागेश्वरम, संत जलाराम, स्टेच्यु ऑफ लिबर्टी, नर्मदा, स्वामी नारायण मंदिर और रामानंद आश्रम के दर्शन करके लौटी है।