श्रीगंगानगर। राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के लालगढ़ जाटान थाना क्षेत्र में श्रीगंगानगर- सूरतगढ़ रोड राष्ट्रीय राजमार्ग-62 पर शुक्रवार को देर रात सड़क किनारे खड़े ट्रक से एक कार के टकराने से एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दो महिलाओं सहित तीन लोग घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि गणेशगढ गांव के समीप, नायरा पेट्रोल पंप के पास ट्रक खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़ा था। रात करीब साढ़े 10 बजे बीकानेर की ओर से श्रीगंगानगर आ रही कार खड़े ट्रक में पीछे से टकरा गई। इससे कार में सवार मुकेश पारीक (42), मनोज (51), श्वेता (32) और भारती (45) घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि घायलों को आपातकाल सेवा 108 की एंबुलेंस और अन्य वाहनों से राहगीरों ने श्रीगंगानगर के जिला अस्पताल पहुंचाया जहां मुकेश की इलाज के दौरान मौत हो गई। अन्य तीन घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद उच्च स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने बताया हादसे के शिकार बीकानेर में गोपेश्वर बस्ती के एक ही परिवार के सदस्य और रिश्तेदार हैं। चारों पंजाब के फाजिल्का शहर में एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।
कार से अफीम और डोडा पोस्त बरामद, 4 अरेस्ट
श्रीगंगानगर जिले के राजियासर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक कार से अफीम और पोस्त बरामद करके चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार शाम को राष्ट्रीय राजमार्ग-62 पर प्रेमनगर के पास पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक कार को रोककर उसकी तलाशी ली तो उसमें 194 ग्राम अफीम और तीन किलो 538 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ।
पुलिस ने बताया कि कार में सवार मुकेश जाट (21), रामस्वरूप बिश्नोई (30), मांगीलाल (23) और राजपाल मेघवाल (22) को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके खिलाफ मादक द्रव्य एवं मनोत्तेजक पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।



