बीकानेर। राजस्थान में बीकानेर जिले के नोखा थाना क्षेत्र में भामटसर गांव के पास शनिवार की देर रात बस और कैंपर की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई जबकि नौ अन्य घायल हाे गए।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि सभी घायल सुजानगढ़ के हैं, वे कैंपर से देशनोक स्थित करणी माता मंदिर में मंगला आरती के दर्शन के लिए जा रहे थे। भामटरसर में बस स्टैंड के पास रात करीब डेढ़ बजे अचानक विपरीत दिशा से आ रही बस से कैंपर टकरा गई।
इससे गाेपाल की मौके पर ही मौत हो गई जबकि नौ अन्य घायल हो गये। सभी घायलों को पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बीकानेर के पीबीएम अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
सीमा पर पाकिस्तान से भेजी गई 10 किलोग्राम हेरोइन और हथियार बरामद
बीकानेर जिले के खाजूवाला थाना क्षेत्र में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पुलिस ने पाकिस्तानी तस्करों द्वारा द्रोण से भेजी गयी 10 किलोग्राम हेरोइन और अत्याधुनिक हथियार बरामद करके एक आरोपी काे गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने रविवार को बताया कि इस हेरोइन की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 50 करोड़ रुपए आंकी गई है।
उन्होंने बताया कि आरोपी से 10 किलोग्राम ‘999 मार्का’ अफगान हेरोइन के साथ दो तुर्की निर्मित जिगाना पिस्तौल, चार ग्लॉक पिस्तौल, पांच स्टार मार्क 30 बोर पिस्तौल, 22 मैगजीन और 100 कारतूस बरामद हुए हैं। ड्रोन भी बरामद कर लिया गया है। ऑपरेशन शॉकवेब के तहत की गयी इस कार्रवाई को हाल के वर्षों में सीमा पार तस्करी के खिलाफ सबसे बड़ी सफलताओं में से एक माना जा रहा है।
कच्छावा ने बताया कि बीकानेर पुलिस को खुफिया सूचना मिली कि पाकिस्तान सीमा पार से खाजूवाला क्षेत्र में ड्रॉन के जरिए हेरोइन और हथियारों की बड़ी खेप भेजी गयी है। वह खेप लेने जोधपुर निवासी वीरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचा तो पुलिस दल ने उसे धर दबोचा और पूरी खेप बरामद कर ली। उन्होंने बताया कि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। इन आरोपियों के तार पंजाब से जुड़े होने की बात सामने आयी है। खुफिया एजेंसियां पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही हैं। इस पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं।



