हनुमानगढ़ में आर्केस्ट्रा ग्रुप पर धारदार हथियार से हमला

0

हनुमानगढ़। राजस्थान में हनुमानगढ़ के टाउन थाना क्षेत्र में सहजीपुरा गांव के एक मैरिज पैलेस में आयोजित समारोह में कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले आर्केस्ट्रा आर्टिस्ट ग्रुप पर दो गाड़ियों में सवार करीब 10 युवकों ने हमला कर दिया।

हमले में ग्रुप का एक सदस्य बुरी तरह घायल हो गया। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की रिपोर्ट पर आकाश, गौरव सहित अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि घटना 22 मार्च की देर रात की बताई जा रही है।आर्केस्ट्रा ग्रुप संचालक लवप्रीतसिंह ने पुलिस को की शिकायत में बताया कि उनके ग्रुप को सहजीपुरा गांव के मैरिज पैलेस में एक समारोह में कार्यक्रम के लिए बुलाया गया था।

कार्यक्रम में महिला डांसर भी शामिल थीं। कार्यक्रम के दौरान ही कुछ युवक मंच के पास आए और डांसर्स के मोबाइल नंबर और नाम पूछने लगे। इस बात को लेकर आर्केस्ट्रा ग्रुप के सदस्यों के साथ तनातनी हो गई, हालांकि मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने बीच-बचाव करके मामला शांत करा दिया।

कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब आर्केस्ट्रा ग्रुप के कलाकार अपनी गाड़ियों में लौट रहे थे, तब हनुमानगढ़ टाउन के सुपर मार्केट क्षेत्र के पास दो गाड़ियों में सवार करीब 10 युवकों ने उन्हें रोक लिया।

युवकों ने कार्यक्रम के दौरान हुई तनातनी का हवाला देते हुए झगड़ा शुरू कर दिया। इस दौरान उन्होंने लाठियों-डंडों और तेज धार वाले हथियारों से ग्रुप पर हमला बोल दिया। हमले में आर्केस्ट्रा ग्रुप के सदस्य शमशेर सिंह को गंभीर चोटें आईं। उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया1 पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है।