पारीक सेवा समिति ने ब्रह्मर्षि पराशर का जन्म प्राकट्य उत्सव मनाया

विश्व कल्याण और राष्ट्र उत्थान हेतु किया त्रिकुंडीय यज्ञ
अजमेर। पारीक सेवा समिति की ओर से ब्रह्मर्षि पराशर के जन्म प्राकट्य दिवस को उत्सव के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर पुष्कर रोड स्थित एक समारोह स्थल पर यज्ञ आयोजित किया गया।

विश्व कल्याणार्थ एवं राष्ट्र उत्थान के लिए किए गए इस त्रिकुंडीय यज्ञ में राष्ट्र उत्थान के लिए आहुतियां देकर विश्व शांति की कामना की गई। विश्वास पारीक तथा कमलेश पारीक के आचार्यत्व में संपन्न हुए यज्ञ में समाज उत्थान एवं चहुंमुखी विकास की प्रार्थना की गई।

इस अवसर पर मेहंदीपुर बालाजी धाम के महंत श्रीविष्णु ने शुभकामनाएं देते हुए सबके कल्याण की बात कही। समिति के सचिव प्रह्लाद पारीक ने कहा कि ब्रह्मर्षि पराशर रचित धर्मसंहिता ‘पराशरस्मृति’ में वर्णित कलियुग में व्यवस्था बनाए रखने के सूत्र आज भी प्रासंगिक हैं।

अध्यक्ष राधे श्याम पारीक ने कहा कि महर्षि वशिष्ठ के पौत्र ऋषि पराशर मन्त्रद्रष्टा, शास्त्रवेत्ता तथा ब्रह्मज्ञानी थे। उनके दर्शन-स्मरण करने से पापों का नाश हो जाता है। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष प्रेमप्रकाश पारीक ने विचार रखे।

दुर्गा शंकर पारीक ने सदस्यता वृद्धि अभियान की प्रगति से अवगत कराया। कार्यकारिणी द्वारा दीपावली स्नेह मिलन समारोह के आयोजन का निर्णय लिया गया। इस अवसर पर किरण पारीक ने मतदान के लिए जागरूकता का संदेश दिया तथा शपथ दिलवाई।

भवन समिति के संयोजक मोहन लाल पारीक ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रचार सचिव दिलीप पारीक, सांस्कृतिक सचिव कविता पारीक, राधे श्याम पारीक, रामेश्वर पारीक, अमित पारीक, शकुंतला पारीक तथा सुनील पारीक सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।