सिरोही मेडिकल कॉलेज में बच्चों की दुर्लभ बीमारियों पर वैज्ञानिक कार्यशाला का आयोजन

2
सिरोही मेडिकल कॉलेज में आयोजित कार्यशाला स्मृति चिन्ह भेंट करते अर्बुदांचल पीडियाट्रिक सोसायटी सिरोही।

सबगुरु न्यूज- सिरोही। डॉ. बी.आर.अम्बेडकर राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय में गुरुवार को एम्स जोधपुर द्वारा बच्चों की दुर्लभ बीमारियों (Rare Pediatric Diseases) विषय पर एक महत्वपूर्ण वैज्ञानिक कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में एम्स जोधपुर एवं सिरोही के लगभग 60 चिकित्सकों ने भाग लेकर अपने अनुभव साझा किए तथा इस क्षेत्र में हुई नई खोजों, आधुनिक तकनीकों एवं नवीन चिकित्सा पद्धतियों पर गहन चर्चा की।
कार्यशाला चिकित्सा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मलकेश मीना ने कार्यक्रम की करते हुए कहा कि बच्चों में पाई जाने वाली दुर्लभ बीमारियों का समय पर निदान और समुचित प्रबंधन अत्यंत चुनौतीपूर्ण है। ऐसे शैक्षणिक कार्यक्रम चिकित्सकों के ज्ञानवर्धन के साथ क्षेत्रीय स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने में सहायक सिद्ध होते हैं।
एम्स जोधपुर के बाल रोग विभागाध्यक्ष डॉ. कुलदीप सिंह ने दुर्लभ आनुवांशिक एवं मेटाबोलिक रोगों की प्रारंभिक पहचान पर विस्तृत व्याख्यान दिया। प्रोफेसर डॉ. सियाराम डिडेल ने जटिल मामलों के क्लिनिकल प्रबंधन पर प्रकाश डाला। डॉ. वरुणा व्यास एवं डॉ. दौलत सिंह शेखावत ने केस स्टडी के माध्यम से आधुनिक उपचार तकनीकों की जानकारी दी। प्रोफेसर (स्त्री रोग) डॉ. चारु शर्मा ने नवजात एवं गर्भावस्था के दौरान स्क्रीनिंग के महत्व को रेखांकित किया, जबकि रेडियोलॉजिस्ट डॉ. पीयूष गोयल ने उन्नत इमेजिंग तकनीकों के माध्यम से दुर्लभ रोगों के सटीक निदान पर जानकारी साझा की।
भारत सरकार दुर्लभ बीमारियों के इलाज के लिए राष्ट्रीय दुर्लभ रोग नीति (NPRD) 2021 के तहत पात्र रोगियों को 50 लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता प्रदान करती है। यह सहायता ‘राष्ट्रीय आरोग्य निधि’ के अंतर्गत अधिसूचित उत्कृष्टता केंद्रों (COE) में इलाज के लिए दी जाती है। इसके अलावा, स्वास्थ्य मंत्री के विवेकाधीन अनुदान (HMDG) से भी मदद मिलती है।
यह कार्यशाला बच्चों की दुर्लभ बीमारियों के प्रति जागरूकता, शीघ्र पहचान एवं उन्नत उपचार पद्धतियों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुई। कार्यशाला में सिरोही मेडिकल कॉलेज से प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. वीरेंद्र महात्मा, डॉ. प्रदीप चौहान, डॉ. निहाल सिंह, डॉ. ऊषा चौहान, डॉ. तृप्ति मीणा, डॉ. कपिल मीणा, डॉ. श्रद्धा दाधीच, डॉ. देवेंद्र बसेरा, डॉ. अनुभव राज, डॉ. सुमित, डॉ. राम सिंह यादव, डॉ. अनुपमा पटनी, डॉ. रीमा व्यास, डॉ. निशा कुंवर एवं अन्य रेजिडेंट चिकित्सक उपस्थित रहे।
अर्बुदांचल पीडियाट्रिक सोसायटी सिरोही की ओर से डॉ. राजेश मालवीय एवं डॉ. सुरेश बोराणा ने एम्स जोधपुर फैकल्टी का सम्मान करते हुए सिरोही की प्रसिद्ध तलवार भेंट कर आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए तथा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया।