घराली के किस्सों से आज ठहाकों से गुदगुदाएगा आबू पर्वत

75
माउंट आबू में आज।कवि सम्मेलन में आयेंगे ख्यातीनाम कवि।

सबगुरु न्यूज-सिरोही। घराली के किस्सों से माहौल को खुशनुमा बना देने वाले सुरेन्द्र शर्मा आज माउण्ट आबू (आबूराज) में लोगों को गुदगुदाएंगे। चार दशकों से हरियाणवी शैली में पति-पत्नि के खूबसूरत रिश्तों पनपने वाले व्यंग्य से पुरूषों और महिलाओं को गुदगुदाने वाले 81 वर्षीय हास्य कवि सुरेन्द्र शर्मा सालों बाद सिरोही जिले में आएंगे। पति पत्नि के किस्सों पर उनके व्यंग्य इतने पाॅपुलर हैं और खुदको केन्द्र में रखकर वो पतियो की भावनाओं को इस खूबसूरती से व्यक्त कर देते हैं कि वो कई बार व्यंग्य में खुदको पतियों का अम्बेडकर की उपमा भी दे देते हैं। दशहरा महोत्सव के दौरान आबू पर्वत नगर पालिका की तरफ से आयोजित कवि सम्मेलन में वो हास्य का तडका लगाएंगे।

Ad

माउण्ट आबू पालिकाध्यक्ष सुनील आचार्य ने बताया कि दशहरा महोत्सव के दौरान सुरेन्द्र शर्मा समेत कई कवि रात आठ बजे पोलो ग्राउण्ड में अपनी काव्य विधाओं की प्रस्तुति देंगे। अंशु प्रिया दुबे, संदीप भोला, राजकुमार बादल, अशोक चारण, अनु सपन और प्रियांशु गजेन्द्र काव्य पाठ करेंगें। उन्होंने बताया कि इससे पहले पोलो ग्राउण्ड में ही दशहरा महोत्सव और रावण दहन कार्यक्रम होगा। पालिका उपाध्यक्ष विशाल बंसल, आयुक्त त्रिकमदान चारण और पालिका कर्मियों के सहयोग से संपूर्ण तैयारियां कर ली गई है।