रांची में आरएसएस कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमले की कोशिश

0

रांची। झारखंड की राजधानी रांची के निवारणपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कार्यालय में देर रात पेट्रोल पंप से हमला करने की कोशिश की गई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद आज सुबह केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री और सांसद संजय सेठ, भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी सहित कई भाजपा विधायक और कार्यकर्ता आरएसएस ऑफिस पहुंचे।

पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि मंगलवार देर रात दो अपराधियों के द्वारा सॉस की बोतल में पेट्रोल भरकर आरएसएस दफ्तर के अंदर फेंकने की कोशिश की गई। हालांकि बाउंड्री से ठीक पहले ही दोनों बोतल गिर गए। इस हमले में आरएसएस कार्यालय को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। मामले की जानकारी मिलने के बाद रांची पुलिस घटना में शामिल हमलवारों की तलाश में जुट गई है।

वहीं रांची पुलिस को इस मामले में सीसीटीवी फुटेज भी हाथ लगी है, जिसमें दो हमलावर पेट्रोल पंप से आरएसएस कार्यालय पर फेंकने की कोशिश करते दिख रहे हैं। पहली बोतल फेंकते समय आग लगा हुआ सुतली जमीन पर गिर गया, जिसकी वजह से पेट्रोल बम बेअसर हो गया। इसके बाद दूसरा पेट्रोल बम फेंका गया, लेकिन वह कार्यालय तक पहुंचा ही नहीं। इस पूरे मामले की जांच की गई, जिसमें पता चला है कि पेट्रोल पंप बनाने के लिए चिली सॉस की बोतल को हथियार बनाया गया था।

रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद घटना की जांच शुरू कर दी गई है। अब तक मिली जानकारी के अनुसार इस घटना में दो युवक शामिल थे। मामले की जांच के लिए एफएसएल सहित कई टीमों को लगाया गया है।

स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार आरएसएस कार्यालय के पास स्थित एक होटल के कुछ कर्मचारी पूरे मामले में संदिग्ध है। कुछ दिन पहले आरएसएस कार्यालय के कुछ लोगों के द्वारा गंदगी और अन्य वजह से होटल के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई गई थी।

रांची सांसद सेठ ने कहा कि कल देर रात हमारे मातृ संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के झारखंड प्रदेश मुख्यालय, रांची पर हुई बमबारी की घटना बहुत बड़ी साजिश का हिस्सा है। ईश्वर की कृपा रही कि इसमें कोई बड़ी क्षति नहीं हुई परन्तु यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और शासन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाली है। सीसीटीवी में पूरी घटना स्पष्ट दिख रही है।

मौके पर से ही मैंने पुलिस महानिदेशक और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से बात किया और 24 घंटे के अंदर कार्रवाई करने को कहा है। इसके साथ ही संघ कार्यालय की सुरक्षा सुनिश्चित करने को भी कहा है। अपराधियों की गिरफ्तारी, ठोस कार्रवाई और संघ कार्यालय की सुरक्षा प्रशासन सुनिश्चित करे।

मरांडी ने कहा कि रांची के निवारणपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कार्यालय पर बीती मध्य रात्रि पेट्रोल बम फेंके जाने की सूचना अत्यंत गंभीर और चिंताजनक है। इस संबंध में रांची एसपी, डीसी एवं झारखंड पुलिस के डीजीपी से वार्ता कर दोषियों की शीघ्र पहचान कर गिरफ्तारी का निर्देश दिया है। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से संघ कार्यालय के समीप स्थायी पुलिस चौकी स्थापित करने का निर्देश भी दिया है।

आरएसएस जैसे वैचारिक संगठन के कार्यालय पर इस प्रकार का हमला कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती है। इस घटना के पीछे क्या उद्देश्य था, इसकी निष्पक्ष और त्वरित जांच कर पूरे मामले का जल्द उद्भेदन किया जाना आवश्यक है। ऐसे कृत्यों को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।