राज्य सरकार के सकारात्मक आश्वासन के बाद लिया निर्णय
अजमेर/जयपुर। प्रदेशभर के डीलर्स द्वारा 1 जून 2026 से प्रस्तावित अनिश्चितकालीन हड़ताल को राजस्थान पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन (आरपीडीए) ने फिलहाल 15 दिनों के लिए स्थगित कर दिया है। यह निर्णय राज्य सरकार द्वारा डीलर्स की समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक पहल और वार्ता के आश्वासन के बाद लिया गया।
आरपीडीए की ओर से जारी पत्र में बताया गया कि प्रदेशभर में पेट्रोल पंप संचालन में आ रही विभिन्न समस्याओं को लेकर लंबे समय से सरकार को अवगत कराया जा रहा था। मांगों के समाधान के लिए कई बार पत्राचार और आग्रह किए जाने के बावजूद संतोषजनक समाधान नहीं मिलने पर एसोसिएशन ने 1 जून 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा की थी।
हालांकि हड़ताल की घोषणा के बाद राज्य सरकार ने मामले को गंभीरता से लिया। पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं भाजपा नेता राजेन्द्र सिंह राठौड़ के हस्तक्षेप और मुख्यमंत्री स्तर पर हुई चर्चाओं के बाद सरकार ने 1 जून को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में सचिवालय जयपुर में बैठक आयोजित करने के निर्देश जारी किए हैं। इसके साथ ही हाल ही में आयोजित टीवी डिबेट में भाजपा प्रवक्ता सुभाष गर्ग द्वारा वेट कटौती योजना पर सहमति जताने को भी सकारात्मक संकेत माना गया।
आरपीडीए ने सरकार के इन सकारात्मक कदमों को देखते हुए 1 जून से प्रस्तावित हड़ताल को 15 दिनों के लिए स्थगित करने की घोषणा की है। संगठन ने कहा कि यह संभव सभी जिलाध्यक्षों, सचिवों एवं कार्यकारिणी सदस्यों के सहयोग और एकजुटता के कारण हो पाया है।
एसोसिएशन ने बताया कि प्रदेशभर के डीलर्स ने जिला स्तर पर ज्ञापन देकर सरकार पर दबाव बनाया, जिसके परिणामस्वरूप सरकार ने वार्ता के लिए पहल की। संगठन ने उम्मीद जताई कि आगामी बैठक में डीलर्स की समस्याओं का स्थायी समाधान निकलेगा और भविष्य में भी सभी सदस्यों का सहयोग इसी प्रकार मिलता रहेगा।



