खैरथल-तिजारा। राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले के टपूकड़ा थाना क्षेत्र में पेट्रोल से भरे इंडियन ऑयल के टैंकर पर पथराव और चालक-सैल्समैन से मारपीट का मामला सामने आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार करीब 35 युवकों ने मोटर साइकिलें, पिकअप और अन्य वाहनों से टैंकर का करीब 20 किलोमीटर तक पीछा किया। बूढ़ीबवाल के पास पथराव शुरू होने के बाद चालक अमजद ने टैंकर को वहां से निकालकर भगाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने पीछा नहीं छोड़ा। टपूकड़ा के पास टैंकर के आगे वाहन लगाकर उसे रोक लिया और चालक अमजद और सैल्समैन छोटेलाल से मारपीट की। टैंकर में भी तोड़फोड़ की गई।
टैंकर रेवाड़ी से मलाई हथीन पेट्रोल लेकर जा रहा था। अचानक हुए पथराव से चालक और सेल्समैन घबरा गए और करीब 20 किलोमीटर तक अपनी जान बचाने के लिए टैंकर को इधर-उधर ले जाते रहे। टपूकड़ा के पास हमलावरों ने टैंकर को रोककर कथित रूप से जानलेवा हमला किया।
आसपास के लोगों के मौके पर पहुंचने पर आरोपी भाग निकले। भागते समय एक आरोपी की मोटर साइकिल मौके पर छूट गई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस अब मोटर साइकिल और मौके से मिले अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है।



