फोटो ओप से उबरे तब तो सिरोही चिकित्सालय को मॉनिटर कर पाएंगे मंत्री, सांसद और जिलाध्यक्ष 

6
सिरोही जिला चिकित्सालय का निरीक्षण करते चिकित्सा मंत्री।

सबगुरु न्यूज – सिरोही। प्रदेश के चिकित्सा मंत्री गजेंद्रसिंह खींवसर सिरोही जिले के अल्प प्रवास पर आए। उन्होंने माउंट आबू सीएचसी और सिरोही जिला चिकित्सालय का कथित औचक निरीक्षण किया। इतनी औचकता के बाद भी जिला चिकित्सालय में उन्हें सफाई के अभाव जैसी छोटी सी कमी मिली। सामने से दिखने वाली कमी भी जयपुर से आए चिकित्सा मंत्री को मिल रही है इसका जनता में ये संदेश जा रहा है कि जिले में मंत्री, संसद और भाजपा के जिलाध्यक्ष के पद काम करने के लिए नहीं सजावट के लिए बने हुए हैं।

चिकित्सा मंत्री के सामने आई सिरोही चिकित्सालय की बदहाली बता रही है कि इन नेताओं द्वारा जनता में संगठन और मैंडेट के सम्मान को लेकर व जनता की सुविधाओं के लिए कितनी गैर संजीदगी से काम किया जा रहा है। तीनों नेताओं की सोशल मीडिया वाल पर हर सुबह जिस तरह से पोस्टें और रीलें अपडेट हो रही हैं उस तरह से ये लोग सिरोही जिले की आमूलचूल व्यवस्थाओं का अपडेशन नहीं करवा पा रहे हैं।

भाजपा के ही मन की बात के सिरोही विधानसभा प्रभारी हरीश दवे द्वारा चिकित्सा मंत्री के सामने स्थानीय विधायक और मंत्री ओटाराम देवासी पर चिकित्सालय की ढंग से मॉनिटरिंग नहीं कर पाने का तंज कसना बता रहा है कि वर्चुअल वर्ल्ड में अपनी व्यक्तिगत राजनीति चमकाने के चक्कर में ये नेता फिजिकल वर्ल्ड में जनता के बीच सरकार और संगठन दोनों की साख धूमिल होने को लेकर कोई खास चिंतित नहीं है।

– निरीक्षण या औपचारिकता

चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने सिरोही जिला चिकित्सालय के कथित औचक निरीक्षण के बाद जो कमी बताई वो सिर्फ औपचारिकता के अलावा कुछ नहीं दर्शा रही। पार्टी सूत्रों की मानें तो वो माउंट आबू में अपने निजी काम से आए थे। वहां के भाजपा नेताओं का वहां उनके साथ सीएचसी का दौरे के दौरान फोटोशूट हुआ और सबके सोशल मीडिया स्टेटस अपडेट हो गए। सिरोही जिला चिकित्सालय में वैसा ही निरीक्षण हुआ और फिर भाजपा नेताओं का स्टेटस अपडेट हो गया।

सिरोही में मीडियाकर्मी से चिकित्सामंत्री की बातचीत में ही सिरोही के नेताओं की जनहित के स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषय उनकी कार्यप्रणाली की पोल खुलती नजर आ रही है। बातचीत में खींवसर कह रहे हैं कि यहां की व्यवस्थाओं को लेकर मंत्री देवासी से बात होती रहती है। इसी के आगे वो कहते हैं कि उन्होंने कहा है कि कुछ इक्यूपमेंट की कमी है तो उसको बताओ और विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी है तो उसको बताओ।

उनकी बात में इसी विरोधाभास से ये कयास लगाया जा रहा है कि जब देवासी जयपुर में उनसे जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं पर चर्चा करते हैं फिर भी यहां उपकरणों और चिकित्सको की कमी है तो या तो इन अव्यवस्थाओं पर चर्चा देवासी नहीं करते या तो फिर मंत्री ओटाराम देवासी की चर्चा पर ध्यान नहीं देते। मतलब मंत्री देवासी के मुद्दे उनके लिए तवज्जो नहीं रखते। खींवसर भी बोल रहे हैं कि सरकार की तरफ से कोई कमी नहीं है, उनके इस बयान का ये मतलब निकाला जा रहा है कि कमी भाजपा के सिरोही में फोटो शूट करने रीलें डालने वो इन नेताओं की कार्यप्रणाली में है जो चिकित्सालय की कमियों का फीडबैक वहां नहीं देते।

सूत्रों की मानें तो गजेंद्र सिंह खींवसर माउंट आबू में अपने निजी भवन में आए थे। वहीं पर उन्होंने वहां के भाजपा नेताओं के साथ चिकित्सालय निरीक्षण कर लिया। सिरोही में सिरोही के नेताओं के साथ जिला चिकित्सालय का। जिलाध्यक्ष रक्षा भंडारी के अकाउंट पर अपडेट रील बता रही है कि चिकित्सालय में पहुंचने के दौरान ओटाराम देवासी उनके साथ नहीं थे। लेकिन, वार्ड में वो वीडियो में वे नजर आए। चर्चा ये भी है कि वो अपने साथ साफा भी लाए थे। खींवसर के सिरोही पहुंचते ही जिला संगठन के नेताओं ने तो खींवसर का स्वागत कर लिया लेकिन, देवासी चिकित्सालय से बाहर स्वागत से महरूम रह गए या फिर कर दिए गए। चर्चा ये भी है कि निरीक्षण के दौरान माउंट आबू में न तो वहां की उपखंड अधिकारी साथ नजर आईं न ही सिरोही में जिला कलेक्टर।

आबूरोड में ब्रह्माकुमारी संस्थान में चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर।

– आदिवासियों की सुविधाओं की कितनी चिंता!

चिकित्सा मंत्री गजेंद्रसिंह खींवसर सिरोही और माउंट आबू के चिकित्सालयों में निरीक्षण को आकस्मिक निरीक्षण बता रहे हैं। पत्रकारों के सवाल के जवाब में वो बोलते नजर आ रहे हैं कि सिरोही हॉस्पिटल उनके लिए विशेष है। क्योंकि यहां का ओपीडी बहुत ज्यादा है। लेकिन, चिकित्सा मंत्री सिरोही हॉस्पिटल के ओपीडी को लेकर जिस तरह की चिंता अपने बयानों में दिखा रहे थे वाकई वो चिंता होती तो वो सबसे पहले आबूरोड के बदहाल उप जिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर आते। आबूरोड तीन जिलों में ऐसा स्वास्थ्य केंद्र है जहां पर सबसे जायदा संस्थागत प्रसव होते हैं। सिरोही को संस्थागत प्रसव के मामले में प्रदेश में उच्च स्थान पर रखने में इस चिकित्सालय की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। लेकिन, यहां चिकित्सकों की कमी, पैरा मेडिकल स्टाफ की समस्या, बेड की समस्या, सफाई की समस्या से जूझते इस चिकित्सालय में उनका निरीक्षण नहीं हुआ। जबकि यहीं से डेढ़ किलोमीटर दूर ब्रह्माकुमारी संस्थान में वो गए थे,लेकिन यहां आने का उन्हें विचार नहीं आया। माउंट आबू चिकित्सालय के निरीक्षण के दौरान उनके साथ रहे जिलाध्यक्ष और भाजपा के जिला अध्यक्ष भी उनके साथ थे।

गजेन्द्र सिंह खींवसर को ज्ञापन सौंपते दिलीप सिंह मांडाणी।

– भाजपा नेताओं ने दिया ज्ञापन

गजेंद्र सिंह खींवसर के सिरोही पहुंचने पर कई नेताओं ने उन्हें ज्ञापन दिए। भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष दिलीप सिंह मांडाणी ने मुख्यमंत्री के नाम उन्हें ज्ञापन सौंपकर मंडोली के गणपतसिंह हत्याकांड की जांच उच्च न्यायालय के जज से करवाने का ज्ञापन सौंपा। उन्होंने खाई की हत्या और आरोपियों के पकड़ में आने के बाद भी कई कहानियां सामने आ रही हैं। इसकी जांच करके स्थिति स्पष्ट करना जरूरी है। भाजपा के जिला प्रवक्ता रोहित खत्री में जिले में मेडिकल के क्षेत्र में की जा रही अनियमितता की जांच को लेकर ज्ञापन सौंपा। रेवदर के लोगों ने वहां की अव्यवस्थित चिकित्सा व्यवस्था और चिकित्सक से आ रही समस्या से अवगत करवाया।