अलवर में खाद से भरी पिकअप पकड़ी, 90 कट्टे DAP बरामद; नहीं मिले बिल-बिल्टी

0

अलवर। जिले के रैणी थाना क्षेत्र में पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान डीएपी खाद से भरी एक पिकअप को पकड़ा है। वाहन से खाद के 90 कट्टे बरामद किए गए। चालक मौके पर खाद की खरीद और परिवहन से संबंधित बिल-बिल्टी पेश नहीं कर सका। खाद के संदिग्ध होने पर कृषि विभाग को इसकी सूचना दी गई।

पुलिस के अनुसार सोमवार को रैणी क्षेत्र में नाकाबंदी की जा रही थी। इसी दौरान पिनान की ओर से आ रही पिकअप को रोककर जांच की गई। वाहन में डीएपी खाद के कट्टे भरे मिले। चालक से इनके संबंध में दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई बिल या बिल्टी नहीं दिखा सका।

खाद कहां से लाई गई और इसे कहां ले जाया जा रहा था, इस बारे में पूछताछ करने पर भी चालक संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। इसके बाद पुलिस ने पिकअप और उसमें रखे सभी 90 कट्टों को जांच के दायरे में ले लिया। चालक की पहचान चंदू प्रजापत के रूप में हुई है।

कृषि विभाग के अधिकारी पहुंचे मौके पर

मामला खाद से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने कृषि विभाग को सूचना दी। इसके बाद राजगढ़ के सहायक निदेशक कृषि विस्तार गोकरण मीणा और कृषि अधिकारी विजेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने बरामद डीएपी की जांच की कार्रवाई शुरू की।

खाद के नकली अथवा अमानक होने की पुष्टि विभागीय जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस और कृषि विभाग यह भी पता लगाने में जुटे हैं कि खाद की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी।

रबी सीजन के दौरान डीएपी की मांग बढ़ने के बीच बिना दस्तावेज इतनी बड़ी मात्रा में खाद का परिवहन मिलने से मामला गंभीर माना जा रहा है। जांच के बाद खाद की गुणवत्ता और इसके स्रोत को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।

अपार्मेंटमेंट में चोरी की वारदात का खुलासा

शहर की अपना घर शालीमार आवासीय सोसायटी में बंद फ्लैट का ताला तोड़कर नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने के मामले में पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह से जुड़े एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान 30 वर्षीय फरमान के रूप में हुई है। पुलिस अब वारदात में शामिल उसके अन्य साथियों और चोरी के माल के बारे में जानकारी जुटा रही है।

मामला सदर थाना क्षेत्र की अपना घर शालीमार सोसायटी का है। पुलिस के अनुसार 28 अगस्त को यहां एक फ्लैट को चोरों ने निशाना बनाया था। फ्लैट का ताला तोड़कर अंदर घुसे बदमाश नकदी के साथ सोने और चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए थे।

घटना का पता चलने के बाद पुलिस में मामला दर्ज कराया गया। आवासीय सोसायटी में हुई चोरी को देखते हुए पुलिस ने आसपास के इलाके से जानकारी जुटाने के साथ संदिग्धों की गतिविधियों की पड़ताल शुरू की।

पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी के अनुसार जांच के दौरान सामने आए सुरागों के आधार पर फरमान को चिह्नित किया गया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में आरोपी के अंतरराज्यीय चोर गिरोह से जुड़े होने की बात सामने आई है।