पीलीभीत : हिन्दुस्तान पेट्रोलियम के उप प्रबंधक हर्षित मिश्रा का पार्थिव शरीर पंचतत्व में विलीन

0

पीलीभीत। हिन्दुस्तान पेट्रोलियम के उप प्रबंधक हर्षित मिश्रा का अंतिम संस्कार शुक्रवार को उनके गृह नगर पीलीभीत में कर दिया गया। पोस्टमार्टम के बाद उनके शव के घर पहुंचते ही परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग उनके घर पहुंचे। दोपहर करीब एक बजे अंत्येष्टि स्थल पर पिता सुशील मिश्रा ने कांपते हाथों से बेटे को मुखाग्नि दी, जिससे माहौल गमगीन हो गया।

गौरतलब है कि गुरुवार को बदायूं जिले के मूसाझाग थाना क्षेत्र स्थित सैंजनी प्लांट में कंपनी से निकाले गए एक पूर्व कर्मचारी ने बैठक के दौरान अंधाधुंध फायरिंग कर दी थी। इस घटना में घायल हुए सुधीर गुप्ता और डिप्टी मैनेजर हर्षित मिश्रा की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई थी।

मृतक के परिजनों ने पुलिस की अब तक की कार्रवाई पर असंतोष जताते हुए इस पूरे मामले में साजिश की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि पुलिस ने उनके बदायूं पहुंचने से पहले ही जल्दबाजी में एफआईआर दर्ज कर ली। परिजनों का कहना है कि इस हत्याकांड में कंपनी के कुछ अधिकारियों की भूमिका हो सकती है और हमलावर को राजनीतिक संरक्षण भी प्राप्त हो सकता है।

परिवार ने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए मुख्यमंत्री से मामले की जांच सीबीसीआईडी से कराने की मांग की है। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक बाबूराम पासवान भी परिजनों को सांत्वना देने पहुंचे। वहीं कंपनी के लखनऊ स्थित एचआर विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे, जहां उन्हें परिजनों के आक्रोश का सामना करना पड़ा।