जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ग्यारह वर्षों की सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की अद्भुत यात्रा को भारत के लिए परिवर्तन, प्रगति और गौरव के कल्याणकारी वर्ष बताते हुए कहा है कि उनके मजबूत संकल्प, अदम्य इच्छाशक्ति और जन-केंद्रित दृष्टिकोण ने भारत की तस्वीर बदली हैं, जिससे देश की न केवल आर्थिक और तकनीकी प्रगति हुई बल्कि सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत भी पुन: स्थापित हुई हैं।
शर्मा ने मंगलवार को यहां भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में मोदी सरकार के 11 साल की सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण पर प्रेस वार्ता में यह बात कही। उन्होंने कहा कि मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत न केवल एक उभरती हुई शक्ति बन रहा है बल्कि हमारा देश दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की राह पर तेजी से अग्रसर है।
वर्ष 2014 से पूर्व भारत चुनौतियों से जूझ रहा था लेकिन पथ प्रदर्शक मोदी ने मजबूत संकल्प, अदम्य इच्छाशक्ति और जन-केंद्रित दृष्टिकोण के साथ भारत की तकदीर और तस्वीर बदल दी। प्रधानमंत्री ने न केवल भारत को एक नई दिशा दी बल्कि इसे वैश्विक मंच पर एक सम्मानजनक और शक्तिशाली पहचान भी दिलाई और आज भारत की आवाज विश्व मंच पर न केवल आदर से सुनी जाती है बल्कि उसका सम्मान भी किया जाता है।
उन्होंने कहा कि मोदी का सपना है कि भारत पुनः विश्व गुरु बने, जैसा कि वह प्राचीन काल में था। उनके नेतृत्व में भारत ने न केवल आर्थिक और तकनीकी प्रगति की बल्कि अपनी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को पुन: स्थापित किया है। योग और आयुर्वेद को वैश्विक मंच पर सम्मान मिला और भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा आज विश्व को दिशा दिखा रही है। आज भारत एक ऐसी शक्ति है जो न केवल अपनी सीमाओं को सुरक्षित रखता है बल्कि वैश्विक शांति और सहयोग के लिए भी काम करता है।
आत्मनिर्भर भारत का उनका नारा केवल एक नारा नहीं बल्कि भारत के हर नागरिक के लिए एक प्रेरणा है। हम सभी को मिलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करना चाहिए, जिन्होंने भारत को एक नई ऊंचाई पर पहुंचाया। विकसित भारत की यह यात्रा यहीं समाप्त नहीं होती। हमें उनके नेतृत्व में और अधिक मेहनत करनी होगी ताकि भारत 2047 तक एक विकसित, समृद्ध और शक्तिशाली राष्ट्र बन सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी ने राष्ट्र के समावेशी विकास पर विशेष जोर दिया। इसलिए उन्होंने गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी शक्ति पर ध्यान केंद्रीत किया और उन्होंने कमजोर वर्ग के सशक्तिकरण के लिए पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 81 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज वितरित किया, 15 करोड़ से अधिक घरों में नल से जल कनेक्शन प्रदान किए, पीएम आवास योजना के तहत चार करोड़ से ज्यादा घरों का निर्माण किया गया, माताओं-बहनों के लिए 12 करोड़ शौचालयों का निर्माण कराकर उन्हें सम्मान से जीवन जीने का हक प्रदान किया। राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा प्रदान करने के साथ ही पहली बार केंद्र सरकार में 60 प्रतिशत मंत्री एससी, एसटी या ओबीसी वर्ग से शामिल किए गए।
उन्होंने कहा कि मोदी ने 11 वर्षों के कार्यकाल में देशभर की 10 करोड़ से ज्यादा महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ते हुए तीन करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का संकल्प लिया। किसानों के उत्थान के लिए मोदी सरकार में अभिनव काम किए गए। वर्ष 2013-14 की तुलना में वर्ष 2025-26 में कृषि बजट में पांच गुना की वृद्धि की गई है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लाभार्थियों को 3 लाख 70 हजार करोड़ रूपए वितरित, 25 करोड़ मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित, 2021-26 के लिए पीएम कृषि सिंचाई योजना के लिए 93 हजार करोड़ रूपए आवंटित किए गए।
इसी तरह महिलाओं के लिए चार करोड़ 20 लाख सुकन्या समृद्धि खाते खोले गए, पीएम मातृ वंदना योजना के तहत लगभग चार करोड़ गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं को 18 हजार करोड़ से अधिक की राशि वितरित की गई। सवेतन मातृत्व अवकाश 12 सप्ताह से बढ़ाकर 26 सप्ताह किया गया। उज्ज्वला योजना के माध्यम से 10 करोड़ 33 लाख से अधिक धुआं मुक्त रसोई बनाई गई।
शर्मा ने कहा कि उरी और पुलवामा में आतंकी हमले के बाद मोदी सरकार ने दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ दुश्मनों के आतंकवादी ठिकानों को तबाह किया। पहलगांव में हुए कायराना हमले के बाद मोदी के साहसी निर्णय से भारतीय सेनाओं ने ऑपरेशन सिंदूर चलाकर सीमा पार के आतंकवादी ठिकानों को नष्ट कर 150 से अधिक आतंकवादियों को मार गिराकर एक नए भारत की शक्ति को प्रदर्शित किया जो मोदी सरकार की आतंकवाद पर जीरो टॉलरेंस की नीति को दर्शाता है।
उन्होंने बताया कि मोदी सरकार के कुशल आर्थिक प्रबंधन से देश की अर्थव्यवस्था की तस्वीर बदल गई है। मोदी सरकार द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं को अन्तिम व्यक्ति तक पहुंच सुनिश्चित की जा रही है और इसके परिणामस्वरूप 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले हैं। आज मोदीजी के नेतृत्व में सड़क, रेल, परिवहन क्षेत्र में भी क्रांतिकारी परिवर्तन भी हुए हैं।
400 विश्व स्तरीय वंदे भारत ट्रेनों का निर्माण किया जा रहा है। अब तक 136 वंदे भारत ट्रेन सेवाएं चालू हो चुकी हैं। इसी तरह 2025 में हाईवे निर्माण की गति 34 किलोमीटर प्रतिदिन तक पहुंच गई है। मेट्रो की लंबाई 2014 में 248 किलोमीटर से बढ़कर 2025 में 1013 किलोमीटर हो गई। देश में 2014 से पहले 74 हवाई अड्डे थे। जो अब बढ़कर कुल 160 हवाई अड्डे हो गए हैं। 2014 से अब तक 3.96 लाख किलोमीटर ग्रामीण सड़कें बनाई गई।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में भारत न केवल प्रगति के पथ पर दौड़ रहा है बल्कि सनातन संस्कृति का भी उदय हो रहा है। अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण किया गया। भव्य काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और महाकाल प्रोजेक्ट बनाए गए। सिख तीर्थ यात्रियों के लिए करतारपुर साहिब कॉरिडोर को खुलवाया गया। वक्फ संशोधन अधिनियम 2025 बनाया गया जो केंद्रीकृत डिजिटलीकरण और एक मजबूत ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से वक्फ संपत्तियों की पारदर्शिता, जवाबदेही और शासन को स्थापित करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 में मोदी के सत्ता संभालने से लेकर अब तक राजस्थान को 2 लाख 11 हजार करोड़ रूपए केंद्र प्रवर्तित योजनाओं में प्राप्त हुए हैं। इसी तरह उन्होंने मोदी सरकार कई उपलब्धियां गिनाई।