पचपदरा में हिंदुस्तान पेट्रोलियम की रिफाइनरी में आग के कारण मोदी का राजस्थान दौरा टला

67

जयपुर/नई दिल्ली। राजस्थान के पचपदरा में हिंदुस्तान पेट्रोलियम की रिफाइनरी में आग लगने की घटना के कारण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मंगलवार को प्रस्तावित राज्य का दौरा टाल दिया गया है।

प्रधानमंत्री इसी रिफाइनरी के उद्घाटन के लिए मंगलवार को राजस्थान जाने वाले थे। इस रिफाइनरी को हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन (एचपीसीएल) और राज्य सरकार के सहयोग से स्थापित किया गया है।

पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि एचआरआरएल (एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी लिमिटेड) की रिफाइनरी में क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट के पास एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना के कारण प्रधानमंत्री द्वारा 21 अप्रैल को निर्धारित लोकार्पण कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है।

मंत्रालय ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है और किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। घटना के कारणों का पता लगाने और सुधारात्म उपाय करने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। पोस्ट में कहा गया है कि लोकार्पण के लिए नई तारीख की घोषणा बाद में की जाएगी।

मोदी मंगलवार सुबह 11.30 बजे देश के इस पहले एकीकृत रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल परिसर को राष्ट्र को समर्पित करने वाले थे। उनका एक जनसभा को भी संबोधित करने का कार्यक्रम था।

एचपीसीएल और राजस्थान सरकार के संयुक्त उद्यम के रूप में विकसित 90 लाख टन प्रति वर्ष क्षमता वाले इस रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल परिसर की स्थापना 79,450 करोड़ रुपए से अधिक के निवेश से की गई है। अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त इस परिसर में तेल शोधन के साथ पेट्रोकेमिकल उत्पादन की सुविधा भी है, जिसकी पेट्रोकेमिकल क्षमता 24 लाख टन प्रति वर्ष है।