प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी घाना के सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित

अक्कारा/नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को घाना के सर्वोच्च सम्मान, ‘द ऑफिसर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार ऑफ घाना’ से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति जॉन महामा ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।

मोदी ने बुधवार को इस सम्मान के लिए घाना के राष्ट्रपति को धन्यवाद दिया और इसे अत्यंत गर्व का विषय बताया। प्रधानमंत्री मोदी ने घाना के राष्ट्रपति महामा से द्विपक्षीय संबंधों को व्यापक साझेदारी तक बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की। दोनों देशों के शीर्ष नेताओं ने रक्षा, सुरक्षा, कौशल विकास और कृषि जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने का फैसला किया।

प्रधानमंत्री ने 140 करोड़ भारतीयों की ओर से पुरस्कार स्वीकार करते हुए इस सम्मान को भारत के युवाओं की आकांक्षाओं, इसकी सांस्कृतिक परंपराओं और विविधता तथा घाना और भारत के बीच ऐतिहासिक संबंधों को समर्पित किया। श्री मोदी ने इस विशेष सम्मान के लिए घाना के लोगों और सरकार को धन्यवाद दिया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह पुरस्कार दोनों देशों के बीच मित्रता को और गहरा करता है तथा द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने की उन पर नई जिम्मेदारी डालता है। उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास है कि घाना की उनकी ऐतिहासिक राजकीय यात्रा दोनों देशों के संबंधों को नई गति प्रदान करेगी।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि द ऑफिसर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार ऑफ घाना’ से सम्मानित होने पर गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं।

मोदी का घाना में भारतीय समुदाय ने किया गर्मजोशी से स्वागत

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का बुधवार को यहां आगमन पर भारतीय समुदाय के सदस्यों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। मोदी घाना के राष्ट्रपति जॉन ड्रामानी महामा के निमंत्रण पर घाना की दो दिवसीय यात्रा पर हैं। जब मोदी उस होटल में पहुंचे, जहां वह घाना की अपनी दो दिवसीय यात्रा के दौरान ठहरेंगे, भारतीय समुदाय के सदस्यों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। वे जोश और उत्साह से भरे हुए थे। मोदी का स्वागत करते हुए छोटे बच्चों के एक समूह ने उनके सामने हरे राम हरे कृष्ण का पाठ भी किया। यह प्रधानमंत्री मोदी की घाना की पहली द्विपक्षीय यात्रा है।

गौरतलब है कि घाना में 15,000 से ज़्यादा लोगों का एक बड़ा भारतीय समुदाय रहता है, उनमें से कुछ लोग 70 साल से ज़्यादा समय से यहां रह रहे हैं। कुछ परिवार अब घाना में चौथी पीढ़ी के हैं और अधिकांश ने घाना की नागरिकता प्राप्त कर ली है। कई प्रवासी भी बहुराष्ट्रीय कंपनियों और प्रमुख स्थानीय घानाई व्यवसायों के लिए कुशल श्रमिकों के रूप में काम कर रहे हैं।

जैसे ही प्रधानमंत्री मोदी होटल पहुंचे स्थानीय लोगों सहित सैकड़ों लोगों ने मोदी-मोदी, भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे लगाने शुरू कर दिए। भव्य स्वागत के दौरान मोदी को भारतीय प्रवासियों के साथ बातचीत करते हुए तथा एक बच्चे को गोद में लिए हुए भी देखा गया जो भारतीय परिवार के लिए एक अविस्मरणीय क्षण बन गया। स्थानीय संगीत वाद्ययंत्रों और ड्रम का उपयोग करते हुए, घाना के कलाकारों ने ‘जय हो’ का वाद्य संस्करण भी प्रस्तुत किया जिसे मोदी ने करीब से देखा और उनकी प्रतिभा की सराहना की।

इससे पहले अफ्रीकी देश की यात्रा पर पहुंचे मोदी का घाना के राष्ट्रपति जॉन ड्रामानी महामा ने कोटोका अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विशेष स्वागत करते हुए इस ऐतिहासिक यात्रा के महत्व को दर्शाया। मोदी का हवाई अड्डे पर औपचारिक स्वागत किया गया और उसके बाद दोनों नेता हवाई अड्डे के जुबली लाउंज में संक्षिप्त बातचीत के लिए बैठे।