प्रयागराज में ट्रिपल मर्डर केस में पांच आरोपी अरेस्ट

0

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में हुए चर्चित ट्रिपल मर्डर मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी हिमांशु यादव समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में हिमांशु यादव, उसका भाई, उसके दो दोस्त तथा एक ग्राम प्रधान शामिल हैं। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, मेजा थाना क्षेत्र के राजापुर गांव में 15 जून की रात श्यामलाल, अमरावती और इंद्रावती की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। पूछताछ में मुख्य आरोपी हिमांशु यादव (19) ने बताया कि वह 13 जून को अपनी प्रेमिका से मिलने राजापुर गांव गया था। वहीं दोनों के बीच बातचीत हुई, जिसमें प्रेमिका ने कहा कि उसके ताऊ श्यामलाल उनके संबंध का विरोध करते हैं और उनके रहते शादी संभव नहीं होगी।

हिमांशु ने पुलिस को बताया कि इसके बाद उसने श्यामलाल की हत्या की योजना बनाई और अपने दो दोस्तों निहाल गौतम तथा राजन यादव को इसमें शामिल किया। आरोपी के अनुसार, वह केवल श्यामलाल की हत्या करने गया था, लेकिन वारदात के दौरान अमरावती और इंद्रावती ने उन्हें देख लिया, जिसके बाद उनकी भी हत्या कर दी गई।

आरोपी ने बताया कि 15 जून की रात करीब ढाई बजे वह अपने साथियों के साथ लाठी-डंडे लेकर गांव पहुंचा और घर के बाहर सो रहे श्यामलाल पर हमला कर दिया। शोर सुनकर जागीं अमरावती और बाद में सामने आईं इंद्रावती को भी आरोपियों ने पीट-पीटकर मार डाला।

हालांकि, पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चंद्र यादव ने कहा कि पूछताछ में आरोपी द्वारा बताए गए तथ्यों का सत्यापन अभी किया जा रहा है। पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), लोकेशन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही प्रेमिका की कथित भूमिका के संबंध में कोई निष्कर्ष निकाला जाएगा।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, तीनों की मौत अत्यधिक रक्तस्राव (हेमोरेजिक शॉक) के कारण हुई। श्यामलाल के सिर की पांच हड्डियां टूटी मिलीं, जबकि अमरावती और इंद्रावती के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए। पोस्टमार्टम दो डॉक्टरों के पैनल द्वारा वीडियोग्राफी के बीच कराया गया।

इस बीच, पुलिस ने बताया कि आरोपी हिमांशु यादव को हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद कराने के लिए परानीपुर गांव ले जाया गया था। इसी दौरान उसने कथित तौर पर एक दरोगा की पिस्टल छीन ली और भागने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने फायरिंग भी की, जिसके जवाब में की गई पुलिस कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की गहन पड़ताल की जा रही है। न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।