ग्वालियर में स्पा सेंटर की आड़ में अनैतिक गतिविधियों का आरोप, हिरासत में 5 लोग

1

ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर में कंपू थाना क्षेत्र के हुजरात पुल के पास संचालित एसटीएल स्पा सेंटर पर पुलिस की संयुक्त टीम ने देर रात छापामार कार्रवाई कर पांच लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार सेंटर में स्पा की आड़ में अनैतिक गतिविधियां संचालित किए जाने की सूचना मिली थी।

पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान सेंटर के कमरों में युवक-युवतियां आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए। मौके से महिला मैनेजर रागिनी यादव समेत पांच लोगों को हिरासत में लिया गया। सेंटर से आपत्तिजनक सामग्री और कुछ दस्तावेज बरामद किए जाने की भी जानकारी है।

कार्रवाई सीएसपी इंदरगंज रोबिन जैन और प्रोविजनल डीएसपी अनुश्री के नेतृत्व में की गई। मुखबिर की सूचना पर कंपू, पड़ाव और इंदरगंज थाने की पुलिस ने सेंटर की घेराबंदी कर दबिश दी। कार्रवाई में कंपू थाना प्रभारी अमर सिंह सिकरवार, पड़ाव थाना प्रभारी शैलेंद्र भार्गव और इंदरगंज थाना प्रभारी दीप्ति तोमर सहित पुलिस बल शामिल रहा।

प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को सेंटर में आने वाले ग्राहकों से कथित तौर पर ढाई से तीन हजार रुपये तक लिए जाने की जानकारी मिली है। पुलिस सेंटर में आने वाले ग्राहकों, मोबाइल फोन, ग्राहक रजिस्टर और ऑनलाइन लेन-देन से संबंधित रिकॉर्ड की जांच कर रही है।

हिरासत में लिए गए लोगों को कंपू थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार मामले में अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस सेंटर के संचालन, कथित नेटवर्क और अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।