हनुमानगढ़ में IPL की क्रिकेट बुक्की के घर पर छापा, 7 सट्टेबाज अरेस्ट

0

हनुमानगढ़। राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले भिरानी थाना क्षेत्र में पुलिस ने मंगलवार देर रात एक मकान पर छापा मारा जहां गुजरात टाइटंस और पंजाब किंग्स इलेवन के बीच खेले जा रहे आईपीएल मैच पर सट्टेबाजी की जा रही थी।

भिरानी थाना के कार्यवाहक प्रभारी (प्रशिक्षण) राजेंद्रकुमार ने बुधवार को बताया कि मुखबिर की सूचना पर रात्रि करीब पौने 11 बजे राजवीर जाट के मकान पर छापा मारा, जहां एक कमरे में दो चारपाइयों और कुर्सी पर बैठे सात व्यक्तियों को सट्टेबाजी करते हुए पकड़ा।

पुलिस ने बताया कि मौके से मकान मालिक राजवीर जाट के अलावा मोहन जाट (30), देवेंद्र जाट (30), रमेश कुम्हार (45), सोमवीर जाट (28), ऋषिकेश जाट (36), संदीप जाट (34) को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने बताया कि ये सट्टेबाज एंड्रॉयड मोबाइल फोन पर क्रिकेट मैच देखते हुए ऑनलाइन सट्टा लगा रहे थे। इनके पास से एक लैपटॉप चार्जर सहित, 18 एंड्राइड मोबाइल फोन, एक की-पैड वाला फोन, तीन मोबाइल चार्जर, इलेक्ट्रिक चार्जिंग बोर्ड, सट्टे के हिसाब-किताब के पांच रजिस्टर और 11 हजार 440 रुपए नगद बरामद हुए हैं।

पानी की डिग्गी में कूदकर प्रेमी युगल ने आत्महत्या की

हनुमानगढ़ जिले के सदर थाना क्षेत्र में एक अविवाहित प्रेमी युगल ने खेत में पानी की विशाल डिग्गी में कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि मृतकों की पहचान विमला देवी बावरी (25) और सोनू नायक (22) के रूप में हुई है। दोनों युवक-युवती कई वर्षों से एक-दूसरे से प्रेम संबंध में थे, लेकिन घरवालों को इसकी भनक तक नहीं थी। पुलिस के अनुसार जातिगत भिन्नता के कारण उनका विवाह संभव नहीं दिख रहा था, जिसकी निराशा में दोनों ने यह कदम उठाया।

पुलिस ने बताया कि मंगलवार दोपहर को स्थानीय लोगों ने चक 20-एलएलडब्ल्यू में हरप्रीतसिंह नामक किसान के खेत की डिग्गी के बाहर एक मोटरसाइकिल खड़ी देखी। पास ही एक मोबाइल फोन, लेडीज और जेंट्स चप्पलों की जोड़ी तथा एक लाल रंग की शॉल पड़ी हुई थी।

लोगों को शक हुआ कि कोई डिग्गी में डूब गया होगा। हालांकि डिग्गी के चारों ओर सुरक्षा के लिए तारबंदी की गई थी, फिर भी घटना हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और राज्य प्राकृतिक आपदा प्रबंधन दल (एसडीआरएफ) की टीम को बुलाया गया। गोताखोरों ने डिग्गी में उतरकर दोनों शवों को बाहर निकाला।