
सबगुरु न्यूज-सिरोही। दीवाली के बाद सिरोही के राजनीतिक हलकों में एक घटना की चर्चा जबरदस्त है। यदि इस चर्चा में थोडी बहुत भी सच्चाई है तो फिर ये तय है कि अब जनता को सरकारी विभागों में लुटने से कोई बचा नहीं सकता। क्योंकि जो चर्चा सामने आ रही है, वैसा जिले में होने लगा है तो इसकी वसूली जनता से ही होनी है। जिले में जनप्रतिनिधियों के भ्रष्टाचार में लिप्त होने के तो बहुत आरोप लगे हैं, लेकिन, यहां के राजनीतिक इतिहास में पहली बार ऐसा सुनने को मिल रहा है कि पार्टी पदाधिकारी अपनी ही पार्टी के नेताओं और सामान्यजन से सीधे सुविधा शुल्क की मांग करने के आरोप में घिर रहे हैं। तो क्या दाएं हाथ के भ्रष्टाचार करने पर उस हाथ को काट देने का दावा करने वाले मुख्यमंत्री इस पाॅलीटिकल एक्सटाॅर्शन को मिटा पाएंगे।
– इस बात की उगाही
अभी तक राजनीतिक दलों पर टिकिट बेचने के आरोप लगते रहे हैं। सिरोही में भी नगर परिषद और पंचायत समिति चुनावों में भी ये आरोप लगे। लेकिन, जिस तरह की राजनितिक उगाही की चर्चा अब चल रही है वो पहले सुनने में नहीं मिली। राजनीतिक संगठन में चर्चा ये है कि दीवाली के आसपास सिरोही जिले के ही एक जनप्रतिनिधि को संगठन के चार पदाधिकारीयों ने एक होटल में बुलवाया। वहां बुलवाकर चार में से एक पदाधिकारी तो टेबल से नदारद रहा लेकिन, तीन ने उस जनप्रतिनिधि को टेबल नेगोसिएशन करते हुए नेतागिरी शुल्क मांग लिया। ये उगाही बायोलाॅजिकस लाइफ के लिए नहीं बल्कि उसकी जनप्रतिनिधि के रूप में राजनीतिक जीवन यथावत रखने के लिए बताया जा रहा है जिस पर वो जनप्रतिनिधि तैनात है। जिस राजनीतिक पार्टी के पदाधिकारियों की ये चर्चा बताई जा रही है उसके आबूरोड से शिवगंज सीमा तक स्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के अलावा अन्य राजनीतिक पार्टियों में भी इस घटना की चर्चा है।
कथित रूप से संबंधित जनप्रतिनिधि को बुलवाकर बाकायदा ये कहा गया कि उसकी पोस्ट जयपुर के किसी बडे नेता की नहीं बल्ंिक उनकी देन है। इस पर बने रहने के लिए निश्चित राशि देनी होगी। पार्टी में जो चर्चा है उसके अनुसार ये राशि दो करोड रुपये बताई जा रही है। पार्टी में जो चर्चा है उसके अनुसार जिन नेताओं पर ये आरोप लग रहे हैं उन्हें प्रदेश संगठन ने जिले में चुनावी व्यवस्थाओं के लिए लगाया था। ऐसे में वो अपने इसी अधिकार का दुरुपयोग करते हुए ये हिमाकत कर जा रहे हैं। यदि इसी आधार पर अन्य जनप्रतिनिधियों को भी नियुक्त किया गया है तो फिर जिले की इन संस्थाओं में भ्रष्टाचार को मुख्यमंत्री तो क्या प्रधानमंत्री भी नहीं रोक पाएंगे।
– ट्रांसफर ने बंद किया था रास्ता!
दरअसल, जिस जगह के जनप्रतिनिधि से ये चर्चा हुई बताई जा रही है वो जगह जिले के धनाडय जगहों मे आती। जिस संस्थान के प्रतिनिधि से ये कथित मांग की जा रही है वहां पर पैसों का बहाव भी अच्छा है। जिस राजनीतिक पार्टी के नेताओं पर ये आरोप है उसमें ही ये चर्चा है कि पिछले दो सालों से यहां पर एक तिकडी काम कर रही थी। जिसमें दो अधिकारी और एक नेताजी शामिल थे। कथित रूप से यहां पर इस तिकडी के माध्यम से जबरदस्त भ्रष्टाचार हुआ। कोई सुनवाई भी नहीं थी। इसका आरोप तो प्रतिद्वंद्वी राजनीतिक संगठन और नेता भी लगा चुके हैं।
चुनावों से पहले स्थानांतरण होने से दोनों अधिकारी जिला बदर हो गए। इनकी जगह जो दो अधिकारी आए उनसे प्राकृतिक विषमता के कारण नेताजी की इनसे पटरी बैठ नहीं पाई और इन अधिकारियों को दो साल से मिले अधिकार भी उस संस्थान के पास चले गए जिसके जनप्रतिनिधि से ये उगाही की कथित घटना सामने आ रही है। इसके अलावा जिस पद को लेकर ये चर्चाएं गर्म है उस पद को लेकर उक्त तीन नेताओं में से एक नेता के तो रिश्तेदार की नजर थी और दूसरे राजनीतिक फाइनेंसर की। लेकिन, दिल्ली जयपुर के हस्तक्षेप से तीसरे के उस पद के क़ाबिज़ होने पर दोनों ही नेताओं के सपने धरे रह गए। जिन तीन-चार नेताओं की ये कथित करतूत बताई जा रही है उन्हें चुनावों की व्यवस्था के लिए यहां पर जिम्मेदारी सौंपी थी लेकिन वो गॉड फादर समझने की गलतफहमी पाल गए। इसी का नाजायज फायदा उठाकर ये तीनों-चारों नेता उस नेता को अहसान दिखाकर कथित नाजायज मांग करने की बात सामने आ रही है।


