प्रयागराज : प्रेम त्रिकोण में सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर ने ममेरे भाई की हत्या की

0

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर को अपने ही ममेरे भाई की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है।

आरोपी ने प्रेम प्रसंग में प्रतिद्वंद्वी बने भाई की हत्या करने के बाद उसके मोबाइल और सोशल मीडिया अकाउंट का इस्तेमाल कर परिवार से 50 लाख रुपए की फिरौती मांगकर उसे जीवित होने का भ्रम पैदा करने की कोशिश की।

पुलिस के अनुसार सोरांव थाना क्षेत्र के भदरी गांव निवासी शिव प्रसाद का पुत्र सुमित उर्फ साहिल 23 जुलाई की सुबह घर से सैलून जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों की तलाश के बाद 25 जुलाई को उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई।

इसी बीच सुमित के मोबाइल नंबर से उसके पिता को फोन कर 50 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई। परिवार ने सुमित को जीवित समझकर दो किस्तों में कुल सात हजार रुपए भी भेज दिए।

जांच के दौरान 30 जुलाई को फाफामऊ क्षेत्र के रंगपुरा कछार में एक युवक का जला हुआ शव मिलने की सूचना पर पुलिस ने परिजनों को बुलाया। कपड़ों और अन्य सामान के आधार पर शव की पहचान सुमित के रूप में हुई। इसके बाद हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच तेज कर दी।

सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सुमित के ममेरे भाई शिवम राय (22) निवासी जगदीशपुर कसारी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की पूरी साजिश का खुलासा किया।

पुलिस के मुताबिक शिवम और सुमित दोनों एक ही युवती से प्रेम करते थे। युवती को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद था और सुमित संबंध खत्म करने को तैयार नहीं था। इसी वजह से शिवम ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

23 जुलाई को शिवम सुमित को बहाने से गंगा किनारे रेलवे लाइन के पास ले गया। वहां मोबाइल में फोटो दिखाने के बहाने जैसे ही सुमित फोन देखने लगा, आरोपी ने झोले में छिपाकर लाए हथौड़े से उसके सिर पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी। पहचान मिटाने के उद्देश्य से उसने शव पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।

हत्या के बाद आरोपी ने सुमित का मोबाइल और सिम अपने कब्जे में रख लिया। उसने इंस्टाग्राम के माध्यम से परिवार को संदेश भेजे और यह विश्वास दिलाने का प्रयास किया कि सुमित अपहर्ताओं के कब्जे में जीवित है। इसके लिए उसने मृतक की यूपीआई आईडी भेजकर 50 लाख रुपए की मांग की।

बाद में सिविल लाइंस क्षेत्र में मोबाइल सिम से जुड़े लेनदेन किए और एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में जाकर सुमित का सिम निकाल दिया। मोबाइल तोड़कर झाड़ियों में फेंक दिया तथा बाद में नई इंस्टाग्राम आईडी बनाकर फिरौती के संदेश भेजता रहा।

पुलिस आयुक्त एवं अपर पुलिस आयुक्त के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत डीसीपी गंगानगर, एडीसीपी गंगानगर तथा एसीपी सोरांव के पर्यवेक्षण में थाना सोरांव पुलिस और एसओजी/सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने 31 जुलाई को नवाबगंज थाना क्षेत्र के दुबरा जगदीशपुर के पास से आरोपी शिवम राय को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथौड़ा और दो सिम कार्ड बरामद किए हैं। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।