शिवगंज स्थापना दिवस पर दूसरे दिन निकाली शोभायात्रा

शिवगंज में शोभायात्रा में शमिल सिरोही विधायक संयम लोढ़ा।

शिवगंज। शिवगंज महोत्सव के दूसरे दिन पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार महोत्सव आयोजन कमेटी की ओर से शहर के गजानंदजी मंदिर से भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। आनंद और उमंग के बीच शहरवासियों ने अपने पारंपरिक परिधानों में सजधज कर इस शोभायात्रा में भाग लिया। इस आयोजन ने नागरिकों को अपनी माटी से जुडाव का अहसास करवाया। यहीं वजह रही कि शोभायात्रा में हजारों की संख्या में युवाओं, बच्चों, अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, स्वयंसेवी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर इसे ऐतिहासिक रूप प्रदान किया।

जानकारी के अनुसार सुबह करीब 9 बजे विधायक संयम लोढ़ा सहित पालिकाध्यक्ष व आयोजन कमेटी से जुड़े कार्यकर्ताओं ने प्राचीन गजानंदजी मंदिर में पूजा अर्चना के बाद शोभायात्रा को रवानगी दी। मुख्यमंत्री सलाहकार विधायक संयम लोढ़ा की अगुवाई में हाथी, घोड़े एवं रथ से सुसज्जित इस शोभायात्रा में शामिल आदिवासी नृत्य अपनी लोक कला का प्रदर्शन कर रहे थे। उसके पीछे आकर्षक परिधानों में सजे गैर नृतक अपने नृत्य के माध्यम से राजस्थान की लोक संस्कृति की झलक दिखा हर किसी को आल्हादित कर रहे थे। शोभायात्रा में स्थानीय एनसीसी कैडेटस् ने अनुशासन के साथ अपनी पूर्ण गणवेश में लेकर राष्ट्र सेवा का संदेश दिया।

इन मार्गो से निकली शोभायात्रा

यह शोभायात्रा गजानंदजी मंदिर से प्रारंभ होकर कलापुरा मार्ग, छीपावास नुक्कड़, होली चौक, पेचका वाली धर्मशाला, जामा मस्जिद, अंबिका चौक, रामदेवजी मंदिर, नेहरु नगर, शीतला माता चौक, आखरिया चौक, गोकुलवाडी, गोशाला मार्ग, पोस्ट ऑफिस रोड़, बस स्टेंड होते हुए छावणी के मस्जिद गली, सदर बाजार, तहसील रोड होते हुए तीन घंटे बाद टाऊन हॉल पहुंचकर संपन हुई। जहां नगर पालिका प्रशासन की ओर से शोभायात्रा में शामिल लोगों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था की गई थी।

ब्रह्मचारिणियों ने किया युद्ध कला का प्रदर्शन

महिला सशक्तीकरण के इस दौर में नारी शक्ति भी किसी से कम नहीं है। इसका अहसास आर्य कन्या गुरुकुल की ब्रह्मचारिणियों ने अपने युद्ध कौशल और कराटे का प्रदर्शन कर करवाया। साथ ही हमारी सनातन वैदिक संस्कृति का प्रचार करते हुए एक ऊंट गाडी में ब्रह्मचारिणियां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ हवन करती दिखाई दी। इसी क्रम में ब्रह्माकुमारी संस्थान, सनातन धर्म महिला सेवा समिति, श्रीमाली ब्राह्मण समाज, श्री मेढ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज सहित विभिन्न स्कूल के बच्चों की ओर से भी आकर्षक झांकियों का आयोजन किया गया। शोभायात्रा के दौरान देवासी समाज के लोग भी अपने पारंपरिक परिधानों में सजे धजे दिखाई दिए। कुछ देवासी युवा सजे हुए ऊंट पर सवार होकर शोभायात्रा का आकर्षण बढ़ा रहे थे।

डीजे व नासिक ढोल पर भी धमचक

शोभायात्रा के दौरान डीजे व नासिक ढोल की थाप पर भी कई युवतियां,महिलाएं, बालिकाएं एवं बालक पूरे धमाल के साथ नृत्य करते दिखाई दिए। युवाओं में उत्साह देखते ही बन रहा था। यात्रा के दौरान कई जगहों पर नागरिकों ने विधायक संयम लोढ़ा सहित पालिकाध्यक्ष व अधिकारियों का पुष्पहार पहनाकर स्वागत किया।

नगरवासियों ने की पेयजल व शीतल पेय की व्यवस्था

तेज गर्मी की वजह से शोभायात्रा के मार्ग में जगह जगह पर विभिन्न सामाजिक व स्वयंसेवी संगठनों की ओर से यात्रा में शामिल लोगों के लिए पेयजल सहित शीतल पेय की व्यवस्था की थी। जिसके चलते लोगों को काफी राहत का अहसास हुआ। रास्ते में कई लोगों ने अपने मकानों के आगे पानी के कैम्पर रख जल सेवा करते नजर आए। शोभायात्रा के समापन पर टाऊन हॉल पर नगर पालिका प्रशासन की ओर से एनर्जी ड्रिंक व अल्पाहार की व्यवस्था की गई थी।का

कानून व्यवस्था रही चाक चौबंद

शोभायात्रा के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस निरीक्षक अचलदान रत्नू मय पुलिस दल पूरे मार्ग में कानून एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाते देखे गए। शोभायात्रा के दौरान किसी प्रकार की कानून व्यवस्था भंग नहीं हो इसके लिए पुलिस सजग नजर आई।

इनकी रही मौजूदगी

शोभायात्रा में सरकारी विभागों के कर्मचारी एवं अधिकारी सहित उपखंड अधिकारी डॉ नरेश सोनी, तहसीलदार नीरज कुमारी, विकास अधिकारी हेमलता विश्नोई, समन्वय समिति के डॉ रवि शर्मा, कोमल परिहार, देवराज अग्रवाल, प्रवीण जैन, पालिका उपाध्यक्ष चंपादेवी कुमावत, पार्षद प्रकाश मीना, प्रवीण जैन,किस्तुर घांची, राजेन्द्रसिंह राठौड, जयंतिलाल सोनी, सहवृत सदस्य राजेन्द्र माली, महेन्द्र राठौड, अरविंद परारिया, पुरूषोत्तम मिन्हास, जनक बाडमेरा, महिपालसिंह राणावत, बलवीरसिंह सरदार, महिला कांग्रेस अध्यक्ष नजमा सिलावट, नफीसा सिलावट, मनीषा भाटी, नेहा प्रजापत, सीमा गहलोत, पूर्व महिला कांग्रेस अध्यक्ष ममता चित्तारा, जूली चौहान, उषा सोनी, ओमबाला परिहार, उषा अग्रवाल, सोमप्रसाद साहिल, खीमचंद परारिया, धर्मेन्द्र गहलोत, नारायणलाल सोनी, कुशलसिंह देवडा, सुरेशसिंह राव सहित कई गणमान्य नागरिक शामिल रहे।

बारिश भी नहीं रोक पाई उत्साह को

शिवगंज महोत्सव की शुरूआत होते ही दोपहर के समय शहर में जोरदार बारिश शुरू हो गई। करीब एक घंटे से अधिक समय तक चली बारिश की वजह से चारों तरफ पानी ही पानी हो गया। ऐसे में देर शाम रिवर फ्रंट पर आयोजित होने वाले सुहानी शाह के कार्यक्रम को लेकर संदेह खडा हो गया। इसकी वजह यह थी कि भारी बारिश की वजह से रिवर फ्रंट पर भी पानी भर गया था। ऐसे में आयोजन मंडल के सदस्य कार्यक्रम के आयोजन को लेकर चिंतित थे।

इस संबंध में जब विधायक से चर्चा की गई तो उन्होंने नागरिकों के लिए स्थान परिवर्तन से होने वाली परेशानी को देखते हुए कार्यक्रम का आयोजन रिवर फं्रट पर ही करने का निर्णय लिया। इसके बाद रिवर फ्रंट से पानी को बाहर निकालने की कवायद शुरू की गई। परिणामस्वरूप तय समय पर सहानी शाह शो नियत स्थान पर ही शुरू हुआ। इस शो को देखने के लिए कार्यक्रम स्थल पर भारी भीड उमडी। इस दौरान छोटे बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस और रेम्प वॉक का आयोजन किया गया। साथ ही शहर के उभरते गायकों के लिए केरोके का भी आयोजन हुआ। यह कार्यक्रम देर रात तक चला।कै

कल कैलाश खेर देंगे प्रस्तुतियां

शिवगंज महोत्सव के तीसरे व अंतिम दिन देश के ख्यातनाम भजन कलाकार कैलाश खेर अपने कैलाशा बैंड के साथ शिवगंज की धरा पर शिव भजनों की सरिता प्रवाहित करेंगे। इस आयोजन को लेकर नगरवासियों में जबरदस्त उत्साह है। कार्यक्रम में भाग लेने के लिए आसपास के जिलों से भी भारी संख्या में संगीत प्रेमियों के आने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक प्रबंध किए है।