हमारे साथ जनता भी चुनाव का कर रही थी इंतजार : सीपी जोशी

जयपुर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कांग्रेस सरकार द्वारा की गई घोषणाओं को आडम्बर करार देते हुए कहा है कि चुनाव की आदर्श आचार संहिता लगने के बाद आज से मुफ्त घोषणाओं के नाम पर प्रदेश में चलाया जा रहा आंडबर भी समाप्त हो जाएगा।

जोशी ने सोमवार को विधानसभा चुनाव की तारीख का ऐलान होने के बाद प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रेसवार्ता में यह बात कही। उन्होंने कहा कि हमारे साथ प्रदेश की जनता भी चुनाव का इंतजार कर रही थी। बीते पांच साल के कालखंड को प्रदेश की जनता कभी नहीं भूल सकती, क्योंकि जनता ने एक-एक दिन गिनकर निकाला, इस कदर लोग त्रस्त हो गए थे। आदर्श आचार संहिता लगने के बाद आज से मुफ्त घोषणाओं के नाम पर प्रदेश में चलाया जा रहा आंडबर भी समाप्त हो जाएगा।

उन्होंने दावा करते हुए कहा कि जनता ने राजस्थान में डबल इंजन की सरकार बनाने का पूरा मन बना लिया है। प्रदेश कांग्रेस सरकार ने विजन 2030 के नाम पर जनता से सुझाव मांगे थे जिसके जवाब में जनता ने गहलोत सरकार से कहा कि आप अब आराम कीजीए जनता ने भाजपा को चुनने का मन बना लिया है।

इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र सिंह राठौड़ ने कहा कि गत चार महीने में डिजाइन बॉक्स के मालिक नरेश अरोड़ा के निर्देशन में जो दो हजार करोड़ की राशि के विज्ञापन जारी हुए, उन विज्ञापनों के माध्यम से मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपनी छवि को महिमा मंडित करने की जो कोषिष की थी वो आज से बंद हो जाएगी।

उपनेता प्रतिपक्ष सतीश पूनियां ने प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि राजस्थान में पिछले 20 वर्षों के अंदर आमतौर पर जो चुनाव होता है वह रिवाज के हिसाब से होता है और वह रिवाज कांग्रेस के खिलाफ है, भाजपा के पक्ष में हैं।