एकीकृत मतदाता सूची का प्रकाशन, अजमेर जिले में 19 लाख 76 हजार 714 मतदाता

अजमेर। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अन्तिम प्रकाशन के अनुसार जिले में 19 लाख 76 हजार 714 मतदाता है। इस सम्बन्ध में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक मंगलवार को आयोजित हुई।

जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. भारती दीक्षित ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम का अन्तिम प्रकाशन बुधवार 4 अक्टूबर को किया गया था। इसके पश्चात् निरन्तर अद्यतन प्रक्रिया में जोड़े गए मतदाताओं के संबंध में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित हुई।

अद्यतन के पश्चात् एकीकृत अजमेर जिले में विधानसभा आम चुनाव के लिए कुल 19 लाख 76 हजार 714 मतदाता हो गए है। अनुमानित जनसंख्या की तुलना में जिले का मतदाता जनसंख्या अनुपात 647 हो गया है। जिले के कुल 19 लाख 76 हजार 714 में से 10 लाख 5 हजार 37 पुरूष, 9 लाख 71 हजार 650 महिला एवं 27 ट्रांसजेण्डर मतदाता है। जिले का लिंगानुपात अनुमानित जनसंख्या में 951 तथा मतदाताओं में 967 है।

उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र किशनगढ़ के कुल 2 लाख 81 हजार 873 में से एक लाख 44 हजार 941 पुरूष, एक लाख 36 हजार 930 महिला एवं 2 ट्रांसजेण्डर मतदाता है। विधानसभा क्षेत्र पुष्कर के कुल 2 लाख 51 हजार 211 में से एक लाख 28 हजार 646 पुरूष, एक लाख 22 हजार 564 महिला एवं एक ट्रांसजेण्डर मतदाता है।

विधानसभा क्षेत्र अजमेर उत्तर के कुल 2 लाख 9 हजार 560 में से एक लाख 5 हजार 223 पुरूष तथा एक लाख 4 हजार 322 महिला एवं 15 ट्रांसजेण्डर मतदाता है। विधानसभा क्षैत्र नसीराबाद के कुल 2 लाख 32 हजार 905 में से एक लाख 18 हजार 802 पुरूष, एक लाख 14 हजार एक सौ महिला तथा 3 ट्रांसजेण्डर है।

विधानसभा क्षेत्र अजमेर दक्षिण के कुल 2 लाख 10 हजार 59 में से एक लाख 5 हजार 16 पुरूष तथा एक लाख 5 हजार 42 महिला एवं एक ट्रांसजेण्डर मतदाता है। विधानसभा क्षेत्र ब्यावर के कुल 2 लाख 57 हजार 723 में से एक लाख 31 हजार 45 पुरूष तथा एक लाख 26 हजार 675 महिला एवं 3 ट्रांसजेण्डर मतदाता है।

विधानसभा क्षेत्र मसूदा के कुल 2 लाख 71 हजार 843 में से एक लाख 38 हजार 614 पुरूष तथा एक लाख 33 हजार 228 महिला एवं एक ट्रांसजेण्डर मतदाता है। विधानसभा क्षेत्र केकडी के कुल 2 लाख 61 हजार 540 में से एक लाख 32 हजार 750 पुरूष तथा एक लाख 28 हजार 789 महिला एवं एक ट्रांसजेण्डर मतदाता है।

उन्होंने बताया कि अंतिम प्रकाशन के समय 4 अक्टूबर को जिले में 19 लाख 66 हजार 986 मतदाता थे। निरन्तर अद्यतन के दौरान 9728 मतदाताओं का नाम जोड़ा गया है। इस प्रकार कुल मतदाता संख्या 19 लाख 76 हजार 714 हो गई है। इसी प्रकार नवीन मतदाताओं 18-19 वर्ष के आयुवर्ग के पंजीकरण भी किए गए।

पुनरीक्षण कार्यक्रम के अन्तिम प्रकाशन में 18-19 आयुवर्ग के मतदाताओं की संख्या 76 हजार 2826 थी। निरन्तर अद्यतन के दौरान 2628 की वृद्धि होने से 18-19 वर्ष के मतदाताओं की संख्या 79 हजार 109 है। इसके अनुसार विधानसभा क्षेत्र किशनगढ़ में 11776, पुष्कर में 9727, अजमेर उत्तर में 6875, अजमेर दक्षिण में 7204, नसीराबाद में 10037, ब्यावर में 11864, मसूदा में 10815, केकडी म 10811 मतदाता 18 से 19 वर्ष के है।

उन्होंने बताया कि अन्तिम प्रकाशन में एकीकृत अजमेर में कुल 1239 मतदान लोकेशन पर 1937 मूल मतदान केन्द्र तथा 13 सहायक मतदान केन्द्र हो गए हैं। इस प्रकार जिले मेें कुल 1950 मतदान केन्द्र है। अभी 286 मतदान लोकेशन शहरी क्षेत्र में तथा 953 मतदान लोकेशन ग्रामीण क्षेत्र में स्थित है। विधानसभा क्षेत्र किशनगढ़ में 272, पुष्कर में 241, अजमेर उत्तर में 197, अजमेर दक्षिण में 184, नसीराबाद में 231, ब्यावर में 279, मसूदा में 279, केकडी में 267 मतदान केन्द्र हैं।

इस अवसर पर अतिरिक्त कलक्टर परसाराम, भारतीय जनता पार्टी के रचित कच्छावा एवं जय प्रकाश शर्मा, इंडियन नेशनल कांग्रेस के कमल वर्मा, बहुजन समाज पार्टी के राजेश कुमार, आरएलपी के आशीष सोनी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (एम) के डॉ. प्रवीण, आम आदमी पार्टी के रमेश टेहलानी, एपीआई के मेवालाल सहित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

दिव्यांगजन मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

मंगलवार को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग और सेंटर फॉर एडवोकेसी एंड रिसर्च संस्था के सयुंक्त तत्वाधान में पाल बिचला बैरवा बस्ती में दिव्यांगजन मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक प्रफुल्ल चन्द्र चौबीसा ने दिव्यांगजन और वृद्धजन को मतदान के लिए सादर आमंत्रित किया। साथ ही जानकारी दी कि हमें वोट जरुर देना है, हमारा वोट बहुमूल्य है। हम वोट देकर अच्छे व्यक्ति का चयन कर सकते है। इसलिए आपको अनिवार्य रूप से वोट देना चाहिए। इस अवसर पर दिव्यांग जन और वृद्धजन को आमंत्रण पत्र दिए गए।