इंग्लैंड से पुष्कर आए पर्यटक फिलिप जान की उपचार के दौरान मौत

अजमेर। राजस्थान के अजमेर में सोमवार को एक विदेशी नागरिक की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।

अजमेर के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय में भर्ती विदेशी पर्यटक इंग्लैंड निवासी फिलिप जान की सोमवार सुबह मृत्यु हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक 15 अप्रेल को दिल्ली आया था और वहां से पुष्कर आकर पंचकुण्ड होटल में ठहरा था।

छब्बीस अप्रैल को अचानक तबियत बिगड़ने से उसे पुष्कर के राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। विदेशी नागरिक को पुष्कर से रैफर कर अजमेर के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय में उपचार के लिए भेजा गया, जहां सुबह उसने दम तोड़ दिया।

पुलिस ने सम्बंधित अधिकारियों को सूचित कर, दूतावास को सूचना भिजवा दी है और मृतक फिलिप जान के शव को अस्पताल की शवगृह में रखवाया गया है। इंग्लैंड में मृतक के परिजनों को भी सूचना भेजी जा रही है। वहां से सम्बन्धी के आने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।