कांग्रेस की रीति-नीति के साथ कांग्रेस कार्यकर्ता जाएंगे जनता के बीच : राहुल गांधी

0

अजमेर। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष एवं लोक सभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने पार्टी संगठन को सर्वोपरि बताते हुए कार्यकर्ताओं का आह्वान किया है कि दल की रीति-नीति आम जनता के बीच प्रसारित कर कांग्रेस को और मजबूत करने के जिए जी-जान से जुट जाएं।

गांधी सोमवार को कांग्रेस की ओर से अजमेर के पुष्कर स्थित तिलोरा में आयोजित 10 दिवसीय सृजन संगठन चिंतन शिविर के समापन पर कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने शिविर में जिला अध्यक्षों को संगठन के प्रति निष्ठा और एकजुटता का संदेश दिया। उन्होंने जिला अध्यक्षों को स्पष्ट कहा कि संगठन से सर्वोपरि कुछ भी नहीं है। पार्टी की रीति-नीति आम जनता के बीच प्रसारित कर कांग्रेस को और मजबूत किया जाए।

उन्होंने संगठन में नए जिला अध्यक्षों को अनेक जिम्मेदारियां के साथ अधिकार दिए और कहा कि अब समय नहीं है कि सिफारिश से पदों को प्राप्त किया जाये। अब उचित व्यक्ति को उचित स्थान पर लाकर कांग्रेस आम कार्यकर्ता को भी मुख्यधारा से जोड़ेगी।

गांधी ने शिविर में जिला अध्यक्षों को संबोधित करते हुए कहा कि देश की आजादी में अपना अमूल्य योगदान देने वाली कांग्रेस को फिर एक बार जनता की सेवा के लिए संघर्ष करना पड़ेगा। उन्होंने मोदी सरकार की विफलताओं को आमजन के बीच पहुंचने और कांग्रेस की राष्ट्रभक्ति और देश हित के साथ जनहित में किए गए समस्त कार्यों को जनता के साथ साझा करना होगा।

उन्होंने संगठन सृजन और चिंतन शिविर के 10 दिन के इस आयोजन को कांग्रेस के लिए सफलता का घोतक करार देते हुए कहा कि देश की जनता केन्द्र की मोदी और राजस्थान की भजनलाल सहित दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार से पूरी तरह से असंतुष्ट है और जब कांग्रेस का कार्यकरता एकजुट होकर संघर्ष करेगा तो निश्चित रूप से देश की जनता उनके साथ होगी।

शिविर को सफल बताते हुए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि संगठन सृजन अभियान के साथ चिंतन शिविर से कांग्रेस के कार्यकर्ता में एक नया जोश पैदा होगा और नई जिम्मेदारी के साथ कांग्रेस कार्यकर्ता जब पार्टी की रीति के साथ जब सड़कों पर उतरकर जनता के बीच जाएगा तो जनता का मत और समर्थन कांग्रेस को प्राप्त होगा। यही इस शिविर का मूल उद्देश्य भी है।

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने संगठन सृजन और चिंतन शिविर को कांग्रेस के हित का बताते हुए कहा कि सभी जिला अध्यक्षों को दिया गया प्रशिक्षण कांग्रेस के लिए मील का पत्थर साबित होकर सफलता की राह को मजबूत करेगा। उन्होंने भाजपा की सरकार और उसके नेताओं को कोसते हुए कहा कि भाजपा के पास न तो विचारधारा है और न ही भाजपा का चेहरा स्पष्ट है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि सनातन के नाम पर देश को गुमराह करने वाली भाजपा को अपने गिरेबान में झांक कर देखना चाहिए।