नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी द्वारा मतदाता सूची को लेकर किए गए दावों को झूठा बताया है।
यादव ने यहां भाजपा मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि राहुल गांधी जिस पेड़ पर बैठे हैं, उसी की डाल काट रहे हैं। उन्होंने गांधी द्वारा चुनाव आयोग के कर्मचारियों के खिलाफ प्रयोग की गई भाषा पर आपत्ति जताते हुए सवाल उठाया कि देश की संवैधानिक संस्था के खिलाफ इस तरह के बयान एवं भाषा क्या उचित है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी सेना और देश की शीर्ष अदालत के खिलाफ बोलने से भी नहीं चूकते हैं। सेना, संसद, चुनाव आयोग, न्यायालय देश की संवैधानिक संस्थाएं हैं और इन संस्थाओं के खिलाफ धमकाने वाली भाषा का प्रयोग उचित नहीं है।
भाजपा नेता ने महाराष्ट्र में गांधी के मतदाताओं के आंकड़ों के आधार पर सवाल उठाने को गलत बताया। उन्होंने कांग्रेस नेता पर आंकड़ों को गलत तरीके से पेश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्षी नेता चुनाव में हारने के बाद लगातार झूठ फैलाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर उनके पास सही आंकड़ें हैं तो वह शपथपत्र के साथ चुनाव आयोग को इन्हें सौंपे और इन मामलों को अदालत में ले जाएं।
यादव ने कहा कि कांग्रेस नेता का लक्ष्य झूठ बोलना और भाग जाना, संसद नहीं चलने देना और गलत तथ्यों के आधार पर जनता को बरगलाना है।