नई दिल्ली। सरकार पर नेता प्रतिपक्ष को गणमान्य विदेशी अतिथियों से मिलने का मौका न देने के आरोप पर भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी पर जोरदार हमला करते हुए इसे एक ऐसे व्यक्ति का प्रलाप बताया जो अपरिपक्व है और भारत के हित से पहले अपने हित को देखता है।
भाजपा ने गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस जैसे कई बड़े राष्ट्रीय अवसरों पर गांधी की गैर हाजिरी को गिनाते हुए कहा कि विपक्ष के नेता के अधिकार हैं तो उसके साथ कुछ कर्तव्य भी जुड़ें हैं। गांधी और कांग्रेस पार्टी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की कल सम्पन्न हुई दो दिवसीय यात्रा में विपक्ष के नेता को उनसे नहीं मिलवाने का मुद्दा उठाया है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने पार्टी मुख्यालय पर एक विशेष संवाददाता सम्मेलन में कहा कि विपक्ष के नेता गांधी इस वर्ष 15 अगस्त को लाल किले पर नहीं गए। शायद उन्हें सुबह उठने में तकलीफ होती है। वह लाल किले पर नहीं पहुंचे पर, उस दिन वह कांग्रेस मुख्यालय गए थे।
भाटिया ने इस साल गणतंत्र दिवस परेड, मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत और उससे पहले उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के शपथ ग्रहण समारोह में नहीं पहुंचे। भाजपा प्रवक्ता ने इसी संबंध में 2018 की गणतंत्र दिवस परेड और 2019 में 15 अगस्त को लाल किले पर गांधी की अनुपस्थित जैसे कुछ और उदाहरण भी गिनाए।
भाजपा प्रवक्ता ने सवाल किया कि ये कुछ उदाहरण हैं जो कर्तव्यों के प्रति गांधी की गंभीरता पर सवाल उठाते हैं। क्या इन समारोहों में उपस्थित होना उनका कर्तव्य नहीं था? क्या उनके चाटुकारों की फौज को यह नहीं दिखता?
उन्होंने कहा कि सुबह उठ पाने में परेशानी के कारण शायद ये तकलीफ उनके लिए तकलीफ के निमंत्रण लगे हो, लेकिन उन्हें इलहाल उमर (अमरीकी सांसद) और जॉर्ज सोरोस से मिलाना हो तो पांच बजे भी उठने में दिक्कत नहीं होगी।
भाजपा प्रवक्ता ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की हाल की यात्रा में उनकी ओर से भारत और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सराहना में की गई बातों का उल्लेख करते हुए कहा कि इस समय दुनिया भारत की तरह देख रही है और भारत को सराहती है पर दुर्भाग्य से इस समय भारत में एक मंडली है जो इन बातों पर दु:खी हो जारी है और भारत की तारीफ से उसकी छाती फटने लगती है।
उन्होंने कहा कि जब भी राष्ट्रीय सुरक्षा और राष्ट्र हित का कोई बड़ा मुद्दा होता है तो उस समय कोई नया विवाद खड़ा कर देना उनकी अपरिपक्वता और अशिष्टता है क्योंकि वह भारत के हित से पहले अपना हित खोजता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में एक ऐसी मंडली है जो तथ्य जाने बिना राहुल गांधी के महिमामंडन में लगी रहती है।
भाटिया ने कहा कि हमें समझना होगा कि वैश्विक राजनीति साख से चलती है, न कि ‘यह मेरा अधिकार बनता है’ की भावना से। उन्होंने यह भी कहा कि दुर्भाग्य से भारत में प्रतिपक्ष के नेता के पद पर एक ऐसा व्यक्ति है जिसे पता नहीं कि किसी फोरम पर क्या बोला जाना चाहिए।
उन्होंने कि गांधी ने फांस के राष्ट्रपति इमानुएल मैक्रां से मिलकर बयान दे दिया था कि भारत के साथ रफाल लड़ाकू विमानों की कीमत की गोपनीयता का कोई समझौता नहीं हुआ था। मैक्रां को गांधी के उस बयान का खंडन करना पड़ा। इसी तरह उनके पूर्ववर्ती राष्ट्रपति फ्रांस्वां ओलांद को भी कांग्रेस के नेता के बयान का खंडन करना पड़ा था।
भाजपा प्रवक्ता ने उन्होंने कहा कि विदेशी अतिथि अगर चाहता है किसी से मिलना तो वह उसे इंगित कर सकता है। उन्होंने कई तस्वीरें दिखायीं जो बांग्लादेश की तत्काली प्रधानमंत्री शेख हसीना, मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम और न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के साथ गांधी की भेंट की हैं। उन्होंने कहा कि फिर यह किस तरह का षडयंत्र, झूठी राजनीति? फिर क्यों यह नौटंकी कि मुझे निमंत्रण नहीं आया।
भाजपा प्रवक्ता ने सवाल किया कि जब राहुल गांधी विदेशी मेहमानों से मिले तो क्या वह भारत के हित में रहा? या उन्होंनेअनर्गल बयान दिये जिससे भारत की छवि गिरी? भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी को उनके इस बयान के लिए भी आड़े हाथों लिया कि भाजपा प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की विरास्त को छिन्न-भिन्न करने में लगी है।
भाटिया ने धारा 370, पाक अधिकृत कश्मीर, भारत की भूमि पर चीन के कब्जे और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत को स्थायी जगह दिये जाने के प्रस्ताव को चीन के लिए छोड़ देने को स्वर्गीय नेहरू की असली विरासत बताते हुए कहा कि कांग्रेस हमारी इन बातों का जवाब दे तो इस मुद्दे पर आगे चर्चा की जा सकती है।
उन्हाेंने कहा कि मोदी सरकार नेहरू जी की गलतियों का भुगतान करते हुए स्थिति को सुधार रही है, यह राहुल गांधी है जो कांग्रेस के लिए भष्मासुर बन गये हैं। वह महाराष्ट्र और बिहार में अपने सहयोगी दलों को निपटाने के बाद अब उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव को निटाने की तैयारी में हैं।



