बीकानेर। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय विधि राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर रेलवे स्टेशन से बीकानेर (लालगढ)–अमदाबाद (साबरमती) विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर वैष्णव ने कहा कि बीकानेर क्षेत्र की जनता को लंबे समय से बेहतर रेल संपर्क की आवश्यकता थी, जिसे आज नयी रेल सेवा के माध्यम से पूरा किया गया है। उन्होंने कहा कि यह नई रेल सेवा बीकानेर और आसपास के क्षेत्रों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी तथा यात्रियों को बेहतर एवं सुविधाजनक यात्रा सुविधा उपलब्ध कराएगी।
रेल मंत्री ने कहा कि बेहतर रेल सम्पर्क से स्थानीय व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा विभिन्न शहरों के बीच आवागमन अधिक सरल तथा सुविधाजनक होगा। उन्होंने बताया कि वर्तमान में राजस्थान में 76,800 करोड़ रुपये से अधिक के रेलवे विकास कार्य प्रगति पर हैं तथा अमृत स्टेशन योजना के अंतर्गत देश भर में 1300 से अधिक रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है।
बीकानेर, लालगढ, नोखा, सादुलपुर, चूरू, रतनगढ रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास कार्य भी तेजी से प्रगति पर हैं। राजस्थान में चल रहे स्टेशन पुनर्विकास कार्यों के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि जयपुर और जैसलमेर स्टेशनों का पुनर्विकास कार्य स्थानीय कला एवं संस्कृति के अनुरूप किया जा गया है जिससे यहां आने वाले पर्यटक सेल्फी ले कर सोशल मीडिया पर अपलोड कर रहे हैं।
रेल मंत्री ने राजस्थान में निर्माणाधीन परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि अनेक परियोजनाएं प्रगति पर है जिससे क्षेत्र में सम्पर्क सुविधा सुदृढ़ होगी। उन्होंने कहा कि राजस्थान में नई लाइन, दोहरीकरण और गेज परिवर्तन निर्माण परियोजनाएं प्रगति पर है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से अधिक रेल सेवाओं का संचालन किया जाना संभव हो सकेगा। इसके साथ ही उद्योग और व्यापार को बढ़ावा देने के लिए गति शक्ति कार्गो टर्मिनल का निर्माण किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि विगत समय में राजस्थान के लिए कई नई ट्रेनों की शुरुआत की गई है, जिनमें बीकानेर, जोधपुर, अजमेर और जयपुर से संचालित वंदे भारत, अमृत भारत एवं विभिन्न एक्सप्रेस रेल सेवाएं शामिल हैं। वैष्णव ने बीकानेर से चंडीगढ नई ट्रेन से संबंधित प्रस्ताव की व्यवहार्यता के लिए अधिकारियों को निर्देश प्रदान किए।
उन्होंने कहा कि देश के विकास के लिए संकल्प शक्ति के साथ राष्ट्र प्रथम-सदैव प्रथम की भावना से कार्य किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विकसित भारत-2047 के लिए संकल्प लिया है इसमें हर नागरिक, युवा, किसान, महिला और समाज के हर वर्ग को सहयोग कर पूरा करना है। उन्होंने कहा कि श्री मोदी के नेतृत्व में राजस्थान को 10228 करोड़ रुपए का रिकार्ड बजट बजट आवंटित किया है, जो अवसंरचना को मज़बूत बनाने में महत्वपूर्ण है।
वहीं मेघवाल ने वैष्णव का बीकानेर पधारने पर अभिनंदन और आभार व्यक्त किया। उन्होंने बीकानेर के 100 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित स्टेशन महोत्सव पर प्रकाश डाला तथा वंदे भारत रेल सेवा के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने क्षेत्र में दोहरीकरण, फाटकों की समस्या के समाधान और स्वच्छता के लिए भी विशेष धन्यवाद दिया।
नई ट्रेन गुजरात के अमदाबाद , मेहसाणा, पाटन और बनासकांठा जिलों तथा राजस्थान के जालौर, बालोतरा, जोधपुर, नागौर और बीकानेर जिलों को लाभ पहुँचाएगी। ट्रेन के प्रमुख ठहराव साबरमती, मेहसाणा, पाटन, भीलड़ी, धानेरा, रानीवाड़ा, मारवाड़ भीण माल, मोदरान, जालौर, मोकलसर, समदड़ी, लूणी, जोधपुर, गोटन, मेड़ता रोड़, नागौर, नोखा, बीकानेर और लालगढ़ में रूकेगी।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों सहित उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ, मंडल रेल प्रबंधक बीकानेर गौरव गोविल, स्थानीय जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी, प्रेस एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



