जैसा देश बनाना चाहते हैं वैसा हमें दल बनाना होगा : चन्द्रशेखर

अजमेर। भारतीय जनता पार्टी के संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि हम जैसा देश बनाना चाहते हैं वैसा हमें दल बनाना होगा और जैसा हम दल बनाना चाहते हैं उसके अनुरूप कार्यकर्ताओं को बनाने के लिए उन्हें प्रशिक्षित करना होगा।

चन्द्रशेखर ने आज यहां अजमेर शहर भाजपा की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्र पहले है यह हमारे संगठन की सोच है। देश में किसानों, मजदूरों के लिए आंदोलन, गौरक्षा के लिए आंदोलन, राष्ट्र के पुनर्निर्माण के लिए आंदोलन, राष्ट्र निर्माण के लिए सभी तरह के आंदोलन भाजपा की रीति नीति का हिस्सा है और इसमें सफलता के लिए संगठित प्रशिण्क्षित कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

उन्होंने कहा कि भाजपा बेटी बचाओ वाला दल है, सुशासन देने वाला दल है, सेवा देने वाला दल है। जनता मानती है कि यह केवल चुनाव लड़ने वाला दल नहीं है। उन्होंने कहा कि देश में 21 राज्यों में भाजपा नेतृत्व वाली एनडीए सरकार है जो बड़े गर्व की बात है। देश में कोई ऐसा दल नहीं जो भाजपा के सामने पूरे देश में लड़ सके।

बैठक को संबोधित करते हुए अजमेर शहर संगठन प्रभारी बीरमदेव सिंह ने कहा कि जन आक्रोश महा घेराव अब 19 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा। शहर अध्यक्ष रमेश सोनी ने संगठन का कार्य बहुत सुदृढ़ होने का भरोसा दिलाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात का 100वां एपिसोड 30 अप्रैल को होगा जिससे देश को एक नई दिशा मिलेगी। बैठक में विधायक वासुदेव देवनानी व अनिता भदेल, महापौर बृजलता हाडा, प्रदेश मंत्री वंदना नोगिया भी उपस्थित रही।