राजस्थान कांग्रेस की जयपुर में कार्यशाला में गहलोत और रंधावा मोदी पर बरसे

जयपुर। राजस्थान में प्रदेश कांग्रेस ने आगामी कार्यक्रमों को लेकर आज राजधानी जयपुर में कार्यशाला आयोजित की गई जिसमें मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पार्टी के प्रदेश प्रभारी सुखजिन्द्र सिंह रंधावा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने भाग लिया।

बिड़ला सभागार में आयोजित कार्यशाला में राजस्थान प्रदेश के एआईसीसी एवं पीसीसी डेलीगेट्स, प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारी, सांसद एवं सांसद प्रत्याशी, पूर्व सांसद, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष, विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष, राज्य सरकार के मंत्रीमण्डल के सदस्य, विधायक, विधायक प्रत्याशी, पूर्व विधायक, जिला कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्ष, अग्रिम संगठनों के पदाधिकारी, विभाग एवं प्रकोष्ठों के प्रदेशाध्यक्ष, जिला प्रमुख, प्रधान, नगर निकाय के अध्यक्ष, ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्ष तथा मण्डलों के अध्यक्ष से संवाद किया गया।

कार्यशाला को सम्बोधित करते हुए गहलोत ने कहा कि आज देश एवं प्रदेश के हालातों पर सभी ने खुलकर अपने विचार रखे हैं। उन्होंने कहा कि तिरंगे के तले कांग्रेस के महान् स्वतंत्रता सैनानियों ने देश को आजाद कराया तथा संविधान के तहत् लोकतंत्र का शासन स्थापित किया।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि आज देश में सत्ता में बैठे हुए लोग जिस भाषा का उपयोग कर रहे हैं वह निन्दनीय है। उन्होंने कहा कि ईडी, सीबीआई एवं न्यायपालिका सहित सभी संवैधानिक संस्थायएं दबाव में हैं। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी और अमित शाह के नेतृत्व में फासीवादी शासन चल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बार-बार कहते हैं कि कांग्रेस ने 70 साल में क्या किया जबकि जनता को मताधिकार प्रदान कर देश में लोकतंत्र की स्थापना करने का कार्य कांग्रेस ने किया। उन्होंने कहा कि मोदी जुमलों के आधार पर शासन करते हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा के नेताओं ने स्वतंत्रता आन्दोलन में उंगली तक नहीं कटाई, किन्तु खुद को देशभक्त बताते हैं। उन्होंने कहा कि देश में बदलाव की शुरूआत राजस्थान से करनी है क्योंकि राजस्थान में कांग्रेस के चुनाव जीतने के पश्चात पूरे देश में कांग्रेस की राह प्रशस्त होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आलाकमान का राजस्थान के नेताओं पर पूर्ण विश्वास है जिसे कायम रखते हुए राजस्थान के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को पार्टी की मजबूती के लिए कार्य करना है।

उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता प्रदेश में पुन: कांग्रेस की सरकार बनाना चाहती है किन्तु यह सब कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर ही सम्भव होगा। उन्होंने कहा कि घर-घर जाकर वोट मांगना सम्मान प्रदान करने के समान है क्योंकि बाबा साहब द्वारा दिए गए संविधान में मत का अधिकार आम जनता को प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सभी नेता एवं कार्यकर्ता आत्मविश्वास के साथ जनता में जाकर पार्टी के लिए कार्य करें क्योंकि प्रदेश की जनता कांग्रेस शासन में विश्वास जता रही है।

नेता आते-जाते रहते हैं : रंधावा

इस अवसर पर रंधावा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की सबसे बड़ी ताकत कार्यशाला में उपस्थित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस पार्टी मजबूती के साथ कार्य कर रही है तथा संगठन एवं सरकार पर कांग्रेस पदाधिकारी गर्व महसूस करते हैं। उन्होंने कहा कि कार्यशाला में उपस्थित सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की पहचान पार्टी के कारण है। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति का डीएनए कांग्रेस का है वह कभी पार्टी की खिलाफत नहीं कर सकता तथा जिसके खून में कांग्रेस है वह कभी पार्टी में पद के लिए मांग नहीं करता है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का एक ही लक्ष्य है कि केन्द्र से मोदी सरकार को हटाकर कांग्रेस का शासन लाया जाए। उन्होंने कहा कि नेता आते-जाते रहते हैं किन्तु कांग्रेस पार्टी अपने कार्यकर्ताओं के बलबूते पर मजबूती के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि इतिहास बताता है कि जो कल्याणकारी योजनाएं कांग्रेस शासन में बनाई जाती हैं उन्हें भाजपा सत्ता में आने पर बंद कर देती है।

उन्होंने कहा कि पार्टी को कार्यकर्ता मजबूती प्रदान करते हैं तथा पार्टी के कारण नेता मजबूती पाते हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि अनुशासन बनाए रखने तथा अनुशासन के साथ काम करने का संकल्प लें जिस पर सभी उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपने दोनों हाथ उठाकर अनुशासन का संकल्प लिया।

उन्होंने कहा कि जो कार्यकर्ता पार्टी की मजबूती के लिए काम करेगा, कांग्रेस की विचारधारा के लिये काम करेगा, उसे पार्टी में आगे बढऩे का मौका प्रदान किया जायेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी देशभक्तों की पार्टी है जिसमें लोग लेने की बजाए देश के प्रति योगदान करने के लिए आते हैं। उन्होंने कहा कि जो कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता पार्टी का विरोध करें उन नेताओं का बहिष्कार कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को करना चाहिए।

डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस के उपस्थित कार्यकर्ताओं के कारण ही प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनी है तथा नेताओं को मंच उपलब्ध हुए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राजस्थान की जनता को एक से बढक़र एक लोककल्याणकारी योजनाएं दी हैं तथा सुशासन के माध्यम से शानदार शासन दिया है।

उन्होंने कहा कि आज की कार्यशाला इसलिए महत्वपूर्ण है कि प्रदेश में चुनावी वर्ष चल रहा है तथा चुनावी साल में जिस पार्टी के कार्यकर्ताओं में जोश होता है उसी पार्टी की सरकार बनती हैं। उन्होंने कहा कि कार्यशाला में प्रदेशभर से आए हुए नवनियुक्त मण्डल अध्यक्षगण, ब्लॉक अध्यक्ष तथा अन्य उपस्थित कांग्रेसजनों का जोश एवं हौसला देखकर साबित होता है कि सभी कांग्रेसजनों ने प्रदेश में पुन: कांग्रेस की सरकार बनाने की ठान ली है।

उन्होंने कहा कि 24 अप्रेल से प्रदेश में कांग्रेस सरकार द्वारा प्रदेश की जनता को महंगाई से निजात दिलाने के लिए महंगाई राहत कैम्प आयोजित किए जाएंगे जिसके तहत् राजस्थान सरकार की दस कल्याणकारी योजनाओं का पंजीकरण प्रदेश की जनता को कराना होगा।

उन्होंने कहा कि महंगाई राहत कैम्प में पंजीकरण के पश्चात राजस्थान के जन-जन को राजस्थान सरकार की दस कल्याणकारी योजनाओं जिसमें 100 यूनिट घरेलू उपभोक्ताओं को बिजली मुफ्त, 2000 यूनिट बिजली किसानों को मुफ्त, बीपीएल परिवारों को 500 रूपए में गैस सिलेण्डर, मुख्यमंत्री चिरंजीवी योजना सहित अन्य योजनाओं का लाभ जनता को मिलेगा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सभी नेता एवं कार्यकर्ता महंगाई राहत कैम्प में आम जनता की सहायता के लिए उपस्थित रहकर सुनिश्चित करें कि सरकार की सभी योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचे, इसके लिए कांग्रेस के सभी नेता एवं कार्यकर्ता महंगाई राहत कैम्प में आने वाले क्षेत्रवासियों का पंजीकरण कराने में सहायता प्रदान करें।