राजस्थान हाईकोर्ट ने आरसीए समन्वयक कुमावत को हटाने की याचिका खारिज

0

जयपुर। राजस्थान उच्च न्यायालय ने राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (आरसीए) की तदर्थ समिति के समन्वयक दीनदयाल कुमावत को हटाने की मांग को लेकर दायर याचिका सोमवार को खारिज कर दी।

न्यायमूर्ति कुलदीप माथुर ने संबंधित मामले की सुनवाई के बाद यह आदेश दिये।
याचिकाकर्ता ने अदालत से कुमावत को समन्वयक पद से हटाने की मांग करते हुए उनकी नियुक्ति और कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए थे। मामले की सुनवाई के दौरान अदालत के समक्ष दोनों पक्षों की दलीलें रखी गईं।

उच्च न्यायालय ने उपलब्ध तथ्यों और दलीलों पर विचार करने के बाद याचिका को खारिज कर दिया। न्यायालय ने कहा कि प्रस्तुत आधारों के आधार पर इस स्तर पर हस्तक्षेप करना उचित नहीं है। न्यायालय के इस फैसले के बाद कुमावत के पद पर बने रहने का रास्ता साफ हो गया है।

उल्लेखनीय है कि आरसीए की तदर्थ समिति और उसके संचालन को लेकर पिछले कुछ समय से विवाद और कानूनी चुनौतियां सामने आती रही हैं।