अजमेर। राजस्थान हाईकोर्ट के आदेश से अब राजस्थान हॉकी संघ के खिलाड़ियों की राह आसान हो गई है और वे आगामी दिनों में होने वाले राष्ट्रीय स्तर के खेलों सहित हॉकी प्रतियोगिताओं में शामिल हो सकेंगे। हाईकोर्ट ने राजस्थान हॉकी संघ को राज्य के हॉकी खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर और चैंपियनशिप की प्रतियोगिताओं में शामिल होने के लिए अधिकृत किया है।
हाईकोर्ट ने यह आदेश खिलाड़ियों द्वारा दायर की गई एक याचिका पर सुनवाई के बाद दिया है। खिलाड़ियों ने याचिका दायर की थी कि एक अपंजीकृत संस्था के माध्यम से हॉकी के खिलाड़ियों का चयन किया जा रहा है। इस चयन के आधार पर ही खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर या अन्य स्तर के खेलों में शामिल हो रहे हैं जबकि राजस्थान हॉकी संघ ही सबसे पुराना और एकमात्र पंजीकृत संगठन है।
इस संगठन के माध्यम से प्रतियोगिताओं में शिरकत करने वाले विजेता खिलाड़ियों को जो परिलाभ मिलते हैं वे देय हैं और मान्य भी होते हैं। जबकि वर्तमान में किसी भी तरह का कोई परीलाभ नहीं मिल पा रहा।
ऐसी स्थिति में विद्वान न्यायाधीश ने राजस्थान हॉकी संघ को आदेश देते हुए राज्य के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर और चैंपियनशिप की प्रतियोगिताओं में शामिल होने के लिए अधिकृत कर दिया। इससे हॉकी संघ को मान्यता मिल गई है।
राजस्थान हॉकी संघ के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व विधायक डॉ राजकुमार जयपाल ने आज पत्रकारों को से कहा कि उच्च न्यायालय के इस आदेश से बिहार और राजगीर में आयोजित होने वाली एक अप्रैल से 12 अप्रैल तक 16वीं हॉकी इंडिया सब जूनियर पुरुष और राष्ट्रीय प्रतियोगिता और झारखंड में आयोजित होने वाली सब जूनियर महिला राष्ट्रीय प्रतियोगिता में राज्य के हॉकी खिलाड़ियों को मौका मिल सकेगा।




